पन्द्रह घंटे में हैवान को बदायूं से खींच लाई बिन्दाल पुलिस
प्रमुख संवाददाता
देहरादून। कैंट क्षेत्रान्तर्गत बिन्दाल चौकी के गांधी नगर चोरखाला में तीन बच्चों के साथ रह रही एक महिला के दूसरे पति ने अपनी ही बेटी के साथ दुष्कर्म करने का जब धिनौना काम शुरू किया तो उसी समय उसकी पत्नी मौके पर पहुंची तो हैवान ने उसे और उसकी बेटी के साथ मारपीट की और उसका गला दबाने की कोशिश की उसके बाद वह जान से मारने की धमकी देकर वहां से फरार हो गया। मासूम ने अपनी मां को बताया कि उसका पिता उसके साथ पहले भी दो-तीन बार दुष्कर्म कर चुका है और उसे बार-बार यही धमकी दी कि अगर उसने इस बारे में कुछ बोला तो वह उसे मार डालेगा। बिन्दाल पुलिस के पास जैसे ही यह शिकायत पहुंची तो चौकी प्रभारी ने आनन-फानन में हैवान को दबोचने के लिए बदायूं का रूख किया और पन्द्रह घंटे के भीतर ही जानवरों के तबेले में छुपे हैवान को दबोचकर उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
उल्लेखनीय है कि बीते रोज गांधीनगर चोरखाला निवासी एक महिला ने बिन्दाल पुलिस चौकी में शिकायत की कि वह अपने तीन बच्चों और पति के साथ रहती है और यह बताया कि कृपाराम उसका दूसरा पति है। शिकायत में कहा गया कि उसकी बडी बेटी जो कम उम्र है वह उसके पहले पति से है और वे लोग घरों में झाडू पोछा लगाकर अपने परिवार का पालन पोषण करती है। महिला ने शिकायत में कहा कि सोमवार शाम छह और सात बजे के बीच अपने घर आई तो देखा कि उसका पति उसकी बेटी को नीचे फर्श पर लिटाकर उसका मुंह हाथ से जबरदस्ती दबाकर गलत काम करने की कोशिश कर रहा था और उसके आने पर उसने उसकी बेटी को छोड दिया और उसके बाद उसे व उसकी बेटी के साथ कृपाराम ने बहुत मारपीट की और उसका गला दबाने की कोशिश की तो उसकी बेटी ने बताया कि पापा ने उसके साथ पहले भी दो-तीन बार गलत काम किया है और धमकाया है कि अगर तूने किसी को बताया तो वह उसे जान से मार देगा। महिला ने शिकायत में कहा कि उसका पति घर पर ताला लगाकर उन्हें घर के अन्दर बंद करके चला गया था और उसके बाद वह किसी तरह से अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए चौकी आई है। हैवान द्वारा अपनी मासूम बच्ची के साथ कई बार दुष्कर्म किये जाने की खबर सुनते ही चौकी प्रभारी शैंकी कुमार अपनी टीम के साथ बदायूं पहुंचे जहां उन्होंने जानवरों के एक तबेले से हैवान कृपाराम को गिरफ्तार कर लिया और उसे कैंट थाने मे लाकर उसे पूछताछ की जा रही है।
