देहरादून(नगर संवाददाता)। उत्तराखंड से राज्यसभा सांसद नरेश बंसल द्वारा राज्यसभा में भारतीय संविधान से इंडिया शब्द हटाने की मांग के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष देहरादून महानगर डॉ जसविन्दर सिंह गोगी के नेतृत्व में नरेश बंसल का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज किया।
इस अवसर पर डाक्टर गोगी ने कहा कि इंडिया ढाई हजार साल पुराना शब्द है। उन्होंने कहा कि यह शब्द इंडस यानी सिंधु नदी से निकला है। उन्होंने कहा कि यह कोई अंग्रेजों का दिया शब्द नहीं है। यह सनातन धर्म के लिए प्रचलित हिन्दू शब्द भी इंडस या सिन्धु नदी से निकला है। भाजपा का बस चले तो हिन्दू शब्द पर भी प्रतिबंध लगा दे क्योंकि भाजपा के लिए राजनीति का मतलब जनकल्याण नहीं बल्कि शब्दों से खेलना और लोगों का ध्यान जरुरी मुद्दों से भटकाना ही है।
उन्होंने कहा कि दुनिया भर में हमारे देश भारत और इंडिया दोनों ही नामों से है और दोनों ही नामों से देश वासियों की भावनायें जुड़ी हैं। गोगी ने कहा कि भाजपा के पाखण्ड की हद तो यह है कि बीते सालों में भाजपा सरकार ने स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया, खेलो इंडिया जैसे कई अभियान और योजनाएं शुरु की हैं और खुद को सोशल मीडिया पर बीजेपी फॉर इंडिया लिखते हैं। उन्होंने कहा कि संविधान का अपमान और संविधान निर्माता बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर का अपमान है।
इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वास्तविकता यह है कि 38 पार्टियों के गठबंधन इंडिया से घबराकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके नेता कहीं न कहीं भयभीत हैं, इसलिए अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं। इस अवसर पर डॉ विजेंद्र पाल सिंह, मनीष नागपाल, नवीन जोशी, सुनील जयसवाल, सावित्री थापा, सुनीता प्रकाश, अरुण रतूड़ी राजेंद्र राज ,सुमित्रा ध्यानी, पूनम कंडारी, मुकेश सोनकर, सलीम अंसारी अल्ताफ अहमद, नरेश बंगवाल, रवि हसन, हेमंत उपरेती, संजय गौतम, सज्जाद अंसारी, अरुण बलूनी, अजीत शमा, रामबाबू , वीरेंद्र पंवार, आनंद त्यागी ,अशोक कुमार, हेमराज, अभिषेक तिवारी, अमित खन्ना, राजेश पुंडीर, वीरेंद्र बिष्ट, एस बी थापा, सूरज क्षेत्री ,निहाल, सईद अहमद, अमनदीप सिंह, मानसिंह, विक्रांत राठी, मोहन थापली, मदन जोशी सत्येंद्र पवार, राम कुमार थपलियाल, फरमान मलिक, गोपाल सिंह गढिय़ा, सुरेश आर्य आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।
