देहरादून(संवाददाता)। देहरादून स्थित भारतीय सैन्य अकादमी आई.एम.ए. में आज हुई पासिंग आउट परेड में देश-विदेश के कुल 374 कैडेट पास आउट हुए। देश के विभिन्न राज्यों से ३३१ कैडेट पास आउट होने के बाद आज से सेना में अफसर के रूप में शामिल हो गए हैं। इस अवसर पर सर्वाधिक 57 कैडेट उत्तर प्रदेश, 33 बिहार से हैं, जबकि 24 कैडेट उत्तराखंड से हैं। वहीं सात मित्र देशों के 42 कैडेट भी पास आउट हुए। इस अवसर पर थल सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने भव्य परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। इस अवसर पर भारतीय सैन्य अकादमी के ऐतिहासिक चेटवुड भवन के सामने ड्रिल स्क्वायर पर सुबह सात बजकर 25 मिनट पर परेड शुरू हुई।
इस अवसर पर स्वॉर्ड ऑफ ऑनर का प्रतिष्ठित पुरस्कार मिहिर बैनर्जी, ऑर्डर ऑफ मेरिट में प्रथम आने वाले जेंटलमैन कैडेट के लिए स्वर्ण पदक अभिमन्यु सिंह और जेंटलमेन कैडेट के लिए सिल्वर मेडल ऑर्डर ऑफ मेरिट में दूसरे स्थान पर रहने वाले मिहिर बैनर्जी को प्रदान किया गया। इस अवसर पर मेरिट के क्रम में तीसरे स्थान पर रहे जेंटलमेन कैडेट के लिए कांस्य पदक कमलप्रीत सिंह को प्रदान किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ सैन्य अधिकारी, देश-विदेश के अतिथि और कैडेट्स के परिजन उपस्थित रहे।