मुख्य सचिव ने दिया आयुर्वेद पद्धति के महत्व पर जोर

0
260

देहरादून(संवाददाता)। मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु ने उत्तराखण्ड आयुर्वेद विश्वविद्यालय में उत्तराखंड के पीएमएचएस चिकित्सा अधिकारियों के लिए आम जनमानस के इलाज हेतु आयुर्वेद को बढ़ावा देने के लिए छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर मुख्य सचिव ने आयुर्वेद पद्धति के महत्त्व पर विशेष बल देते हुए कहा कि प्राचीन समय से ही आयुर्वेद द्वारा चिकित्सा सुविधा दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि आज के समय में आयुर्वेद व ऐलोपैथी पद्धति को आपस में तालमेल बनाकर आम जनमानस को चिकित्सकीय इलाज दे कर बेहतर इलाज किया जा सकता है। इस अवसर पर मुख्य सचिव ने प्रशिक्षुओं को बताया कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में योग और आयुर्वेद महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद रोगों के इलाज के बजाय रोकथाम पर अधिक बल देता है। उन्होंने कहा कि योग और आयुर्वेद के अनुरूप जीवन शैली अपनाकर हम अपने शरीर को स्वस्थ रख सकते हैं। इस दौरान अपने अनुभव साझा करते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि आयुर्वेद स्वस्थ जीवन शैली का आधार है, जो तनावमुक्त जीवन जीने को बढावा देता है। उन्होंने कहा कि अवसाद (डिप्रेशन) को कम करने के लिये आयुर्वेद में मौजूद चिकित्सकीय इलाज को अपनाकर स्वस्थ जीवन जिया जा सकता है। इस अवसर पर मुख्य सचिव द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम में कल्याण अवधारणा को बढ़ावा देने के लिए उत्तराखंड के पीएमएचएस चिकित्सा अधिकारियों के लिए आयुर्वेद पर व्यावहारिक प्रशिक्षण उत्तराखण्ड आयुर्वेद विश्वविद्यालय तथा एचएनबी उत्तराखण्ड चिकित्सा षिक्षा विश्वविद्यालय द्वारा बनाये गये प्रशिक्षण मोड्यूल का विमोचन किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम में सचिव स्वास्थ्य डॉक्टर आर राजेश कुमार, सचिव आयुष डाक्टर पंकज कुमार पाण्डे, कुलपति एचएनबी उत्तराखण्ड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय प्रोफेसर हेमचन्द पाण्डे, कुलपति उत्तराखण्ड आयुर्वेद विश्वविद्यालय प्रोफेसर सुनील कुमार जोशी, स्वास्थ्य महानिदेशक डाक्टर विनीता शाह, एनएचएम निदेशक डाक्टर सरोज नैथानी, डाक्टर अजय कुमार नगरकर, प्रोफेसर अनूप कुमार गक्खड, प्रोफेसर पंकज कुमार शर्मा, प्रोफेसर डी सी सिंह, डाक्टर दीपक कुमार सेमवाल, डाक्टर आशुतोष चौहान, चन्द्रमोहन पैन्यूली, डाक्टर राजीव कुरेले, डाक्टर एच एम चन्दोला, डाक्टर नन्द किशोर दाधिच, डाक्टर अमित तमादड्डी आदि मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY