ऋषिकेश(संवाददाता)। रिसेप्शनिस्ट अंकिता भंडारी का चीला नहर से शव बरामद किए जाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए एम्स में रखे जाने पर देखने पहुंची क्षेत्रीय विधायक रेणु बिष्ट की गाड़ी को लोगों ने उनका विरोध करते हुए क्षतिग्रस्त कर दिया। वही रिसोर्ट के पिछले हिस्से में बने आंवला कैंडी फैक्ट्री के गोदाम को भी लोगों ने फूंक दिया है।
उल्लेखनीय है कि शनिवार की सुबह 6 बजे पुलिस की आपदा प्रबंधन टीम ने अंकिता भण्डारी के शव को चीला नहर से बरामद करने के बाद उसकी शिनाख्त अंकिता के पिता वीरेंद्र सिंह और भाई ने कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेज दिया था। मृतका के शव को देखने के लिए क्षेत्रीय विधायक रेणु बिष्ट भी मौके पर पहुंची थी, लोगों ने रेनू बिष्ट द्वारा रात को जेसीबी से अंकिता के कमरे को तुडवाए जाने का विरोध करते हुए उन पर आरोप लगाया कि उन्होंने अंकिता के साक्ष्य मिटाए जाने के लिए उक्त कमरे को तुडवाया है। जिसे लेकर भीड़ ने रेणु की गाड़ी पर पथराव कर छतीग्रस्त कर दिया। वहीं दूसरी ओर ग्रामीण उक्त हत्याकांड के बाद जबरदस्त उबाल में हैं।उनका गुस्सा अनेकों क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को भी झेलना पड़ा है।