देहरादून(संवाददाता)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दून में भारी बारिश के बीच शहीद परिवारों के घरों के बाहर दस्तक देते हुए स्वच्छता अभियान चलाकर एवं शहीदों के परिजनों को सम्मानित कर दिन की शुरूआत की और शहीदों के परिजनों के दर्द को सुना।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस को इस बार सेवा पखवाड़े के रूप में मनाया जा रहा है और इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज सुबह सबसे पहले शहीद मेजर चित्रेश बिष्ट के नेहरू कालोनी स्थित आवास पर पहुंचे ओर वहां पर शहीद मेजर चित्रेश बिष्ट के चित्र पर पुष्प अर्पित किये और उनके परिजनों के दर्द को सुना और फिर नेशविला रोड पर शहीद मेजर विभूति ढौंडियाल के आवास पर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने शहीदों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और परिजनों से मिले और यहां उनके द्वारा शहीदों के घर के बाहर स्वच्छता अभियान चलाया गया। वहीं जिसके उपरांत उन्होंने दोनों शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देश के वीर सपूतों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के इन शहीद लालों को मैं नमन करता हूं। इस दौरान उन्होंने दोनों शहीदों के परिजनों का हालचाल भी लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस पर देश भर में अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने देवभूमि उत्तराखंड की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्म दिवस की शुभकामना दी। उन्होंने बाबा केदार एवं भगवान बद्री विशाल से प्रधानमंत्री के दीर्घायु एवं शतायु होने की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत शक्तिशाली, समृद्ध एवं समरस भारत के रूप में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज विश्व स्तर पर भारत का मान, सम्मान एवं स्वाभिमान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का जन्मदिवस सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाया जा रहा है। इस अवसर पर स्वच्छता, रक्तदान, संगोष्ठियां एवं सेवा के अन्य कार्यक्रम किए जा रहे हैं। इस अवसर पर अनेक गणमान्य व्यक्ति शामिल रहे।
