अल्मोडा(संवाददाता)। उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में साफ संदेश दे रखा है कि गुनाहगार चाहे कितना भी पहुंच वाला क्यों न हो उसे सलाखों के पीछे पहुंचाना ही उनका पहला मिशन है और यही कारण है कि अल्मोडा में अग्निवीर बनने के लिए एक युवक ने जालसाज का रूप धारण कर जब फर्जी दस्तावेजों के सहारे खुद को सेना का अंग बनने की मंशा पाली तो उसे मिलेट्री इंटेलीजेंस और पुलिस की संयुक्त टीम ने सेना का अंग बनने का चक्रव्यूह रचने वाले शातिर जालसाज को दबोच लिया और उससे यह पता लगाया जा रहा है कि वह सेना में भर्ती होने के लिए किस मिशन के तहत फर्जी दस्तावेजों के सहारे अपना खेल खेल रहा था।
पुलिस कप्तान प्रदीप राय ने बताया कि सोमनाथ ग्राउण्ड रानीखेत में भर्ती के दौरान मिलट्री इन्टेलीजेंस, मिलट्री पुलिस एवं भर्ती कार्यालय की संयुक्त कार्यवाही के दौरान एक युवक को फर्जी दस्तावेजों के होने की शक पर मौके पर पकड़कर पुलिस को सूचित कर हैण्डओवर किया गया, तत्पश्चात रानीखेत पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर जांच की गयी तो पाया कि एक युवक जिसका नाम ताहिर खान पुत्र अहसान खान निवासी अलीपुरा थाना ककोड़ तहसील सिकन्दराबाद जिला बुलन्दशहर (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है जिसके द्वारा अपने फर्जी स्थाई निवास, जाति निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड जनपद नैनीताल के हल्द्वानी से बनाये गये हैं, उक्त ताहिर खान को निर्गत एडमिट कार्ड में दर्ज रजिस्ट्रेशन नम्बर किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड है। पुलिस टीम ने जालसाज के कब्जे से जाति प्रमाण पत्र, स्थाई निवास प्रमाण पत्र, हाईस्कूल सर्टिफिकेट और आधार कार्ड बरामद किया है पुलिस कप्तान ने बताया कि इस जालसाज से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि वह किस मिशन को लेकर अग्निवीर बनना चाह रहा था? गौरतलब है कि उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने साफ अल्टीमेटम दे रखा है कि राज्य के अन्दर अपराधिकरण और माफियागिरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी और जो भी उत्तराखण्ड के अन्दर कोई भी गुनाह करने के लिए आगे आयेगा उसकी जगह सलाखों के पीछे होगी।
