भगवामय हुये गंगातट

0
121

देहरादून(संवाददाता)। उत्तराखण्ड में आज से कांवड यात्रा का आगाज हो गया है और इस कावंड यात्रा को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एतिहासिक और भव्य बनाने के लिए एक बडी रणनीति के तहत प्रशासनिक व पुलिस अफसरों को मैदान में उतार रखा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समूची कावंड यात्रा में शिवभक्तों को दुलार देने के लिए साफ संदेश दिया हुआ है और खाकी को विशेष संदेश है कि वह हर कांवडिये से मधुरता से रूबरू हों और किसी भी कीमत पर वह अपना संयम न खोये और हर शिवभक्त को यह आभास होना चाहिए कि वह देवभूमि में भोले की नगरी में आस्था के पथ पर आगे बढे हुये हैं। पुलिस के तमाम अफसरों ने मुख्यमंत्री के संदेश को धरातल पर उतारने के लिए पुलिस महकमें को आदेश दिया हुआ है कि कांवडियों के साथ वह सौम्य रूप में पेश आये और जब कांवडिये हरिद्वार में गंगातट पर जल भरने के लिए आये तो उनका स्वागत किया जाये। वहीं शाम को डीजीपी और एडीजी कानून व्यवस्था मुनि की रेती में पुलिस अफसरों को कावंड यात्रा को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए जायेंगे जहां वह पुलिस अफसरों और कर्मचारियों को पाठ पढायेंगे कि वह हर कावंडिये के साथ मधुर सम्बन्ध बनायें जिससे देवभूमि में आने वाले कांवडियों के मन में यह उत्साह बने कि उनका देवभूमि में कितना बडा सम्मान और सत्कार किया गया है। मुख्यमंत्री ने शिवभक्तों से कहा है कि जब वह गंगाजल लेकर वापस जायें तो वह अपने हाथों में राष्ट्रध्वज लेकर चले ताकि आजादी के अमृत महोत्सव का भी समा बंधे क्योंकि गंगाजल अमृत समान है और आजादी का अमृत महोत्सव भी है।
उल्लेखनीय है कि उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए अपने मन में एक बडा विजन धारण किया था और उसी का परिणाम रहा कि देश विदेश के लाखों श्रद्धालुओं ने पुष्कर सिंह धामी को एक सफल मुख्यमंत्री करार दिया। उत्तराखण्ड के इतिहास में पहली बार ऐसा देखने को मिला जब चारधाम यात्रा में आने वाले किसी भी तीर्थयात्री ने यह आरोप नहीं लगाया कि यात्रा के दौरान उन्हें किसी कठिनाई का सामना करना पडा और उन्हें दर्शन करने में कोई दिक्कत आई हो। चारधाम यात्रा को सकुशल कराने वाले राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांवड यात्रा में आने वाले लगभग चार करोड कांवडियों को उत्तराखण्ड में शिव की धरती पर उनका भव्य स्वागत करने की बडी रणनीति तैयार की और सभी अफसरों को साफ संदेश दिया कि जब कांवडिये हरिद्वार में गंगातट पर जल भरने के लिए आयेंगे तो वहां उनका भव्य स्वागत किया जायेगा। पुष्कर सिंह धामी का साफ मानना है कि राज्य में दो साल से कारोना के कारण कांवड यात्रा नहीं हो पाई लेकिन इस बार शुरू होने वाली कांवड यात्रा को वह भव्य और एतिहासिक बनायेंगे इसके चलते पुलिस के आला अफसरों को साफ संदेश दिया गया है कि राज्य में जब शिवभक्त कांवड लेकर आयेंगे तो पुलिस उनके साथ मधुरता से उनका वैलकम करेगी और किसी भी कीमत पर पुलिस के लोग अपनी संयमता को नहीं खोयेंगे। उत्तराखण्ड में आज से कांवड यात्रा का आगाज हो गया और इस कांवड यात्रा पर नजर रखने के लिए जहां चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है वहीं ड्रोन से भी शिवभक्तों के आगमन पर पुलिस की नजर बनी हुई है कि कहीं पर भी उनके साथ कोई ऐसा भेदभाव न हो जिससे शिवभक्तों को देवभूमि में किसी दर्द का सामना करना पड़े। पहली बार ऐसा है कि राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांवड यात्रा को देखते हुए सीनियर आईएएस सुधांशु कुमार को कांवड मेले को सकुशल सम्पन्न कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड में आज से शुरू हुई कांवड यात्रा को लेकर शिवभक्तों को आस्था के पथ पर चलने वाली कांवड यात्रा की बधाई दी है और साफ कहा है कि हर शिवभक्त उत्तराखण्ड में सरकार का अतिथि है।

LEAVE A REPLY