जलमग्न होता स्मार्ट शहर!

0
118

देहरादून(संवाददाता)। उत्तराखण्ड की अस्थाई राजधानी को जब स्मार्ट सिटी बनाये जाने का आदेश हुआ था तो राजधानीवासियों को यह उम्मीद जगी थी कि उनका शहर हाईटेक दिखाई देगा। हालांकि जब स्मार्ट सिटी का काम शुरू हुआ तो राजधानी के गलियारों में एक ही बहस छिडती रही कि अगर स्मार्ट सिटी का निर्माण रहस्यमय ढंग से होना है तो ऐसी स्मार्ट सिटी का क्या फायदा? शहर को सुन्दर बनाने के मिशन में बडे-बडे ढोल पीटे गये लेकिन शहर को जिस तरह से बदरंग बनाने का खेल शुरू हुआ उससे आवाम के मन में इस स्मार्ट सिटी को लेकर बडी नाराजगी हमेशा से ही पनपती रही और यह सवाल उठते रहे कि आखिरकार स्मार्ट सिटी के लिए आये कई सौ करोड रूपये से शहर कहां स्मार्ट हो गया यह आज तक पता नहीं चल पाया? शहर आज भी वैसा का वैसा नजर आ रहा है जो स्मार्ट सिटी के बनने से पहले दिखाई देता था। गजब बात तो यह है कि जिस पल्टन बाजार में घुमने के लिए लोग आतुर दिखाई देते थे वहां की सडक में टाइलें लगाकर उसका स्वरूप जिस तरह से बदरंग कर दिया गया उससे हमेशा यही सवाल उठे कि इससे अच्छा होता कि बाजार में सीसी मार्ग बना दिया गया होता? शहर के कई इलाकों में चंद घंटों की बारिश से ही कुछ इलाके जिस तरह से जलमग्न नजर आ रहे हैं उसका शोर सोशल मीडिया पर भी मचा हुआ है और कुछ लोग शहर की कुछ गलियों में भरे पानी के दृश्य खींचकर उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर रहे हैं कि मेरा शहर स्मार्ट बन रहा है लेकिन? ऐसे में देखने वाली बात होगी कि क्या राजधानी में स्मार्ट सिटी के नाम पर हुये खेल पर सरकार सख्त रूख अपनाकर इसकी जांच कराने के लिए आगे आयेगी क्योंकि यह स्मार्ट सिटी आवाम को एक दर्द दे रही है?उत्तराखंड में सुबह से कई जिलों में भारी बारिश का दौर जारी है। राजधानी में बारिश में अधिकांश जगहों पर सड़के जलमग्न दिखाई दी और जनता को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। बारिश से जगह-जगह जलभराव होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ रही हैं। वहीं गांधी रोड पर सड़क जलमग्न दिखाई दी। वहीं लगातार हो रही बारिश से तापमान में गिरावट आ गई है।
यहां राजधानी में सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश के बीच कई स्थानों पर जलभराव की सूचना मिली है और गांधी रोड सहित अन्य स्थानों पर सडकें जलमग्न रही और लोगों को परेशानियों का सामना करना पडा। वहीं दूसरी ओर गंगोत्री नेशनल हाईवे पर जहां जगह-जगह जलभराव हो गया है। वहीं पिथौरागढ़ में कई सड़कें और पुल ध्वस्त हो गए हैं। वहीं दूसरी ओर पिथौरागढ़ में देर रात से शुरू हुई मूसलाधार बारिश से थल मुनस्यारी मोटर मार्ग में द्वालीगाड पुल ध्वस्त हो गया है। इसके चलते यहां वाहनों का संचालन भी ठप्प हो गया है। स्थानीय लोग यहां जान जोखिम में डालकर पैदल आवाजाही कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर मुनस्यारी में सबसे अधिक बारिश हुई है।

LEAVE A REPLY