देहरादून(नगर संवाददाता)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं अखिल भारतीय कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष सेनि कर्नल रोहित चौधरी ने केन्द्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार लगातार सैनिकों एवं पूर्व सैनिकों को कमजोर करने का काम कर रही है जिसे किसी भी दशा में सहन नहीं किया जायेगा। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों ने ठान लिया है कि आगामी 2०24 में होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर किया जायेगा।
यहां कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से रूबरू होते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि ही नहीं बल्कि सैनिक भूमि भी है और देवभूमि का महाभारत व रामायण का इतिहास रहा है और यहां पर घर घर फौजी है और केन्द्र सरकार फौजी एवं फौज को कमजोर करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने सैनिकों व पूर्व सैनिकों पर सर्जिकल स्ट्राईक की है और उनको पूर्व में जो मान सम्मान मिलता था केन्द्र सरकार ने उसे लूटने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि आज देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड किया जा रहा तथा फौजियों को मान सम्मान दिये जाने की आवश्यकता है और सैनिक कई दुर्गम क्षेत्रों में रहकर देश की सेवा करता आ रहा है और उनकी उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने डिसेबिलिटी पेंशन पर भी सर्जिकल स्ट्राईक की है और नई पेंशन पॉलिसी को लागू किया गया है और इस पॉलिसी को तत्काल प्रभाव से केन्द्र सरकार को वापस लेना होगा अन्यथा इसके लिए आंदोलन किया जायेगा। उन्होंने कहा कि अब केन्द्र सरकार ने डिसेबिलिटी पेंशन को इम्पेयरमेंट रिलीव बना दिया है और इससे सैनिकों एवं पूर्व सैनिकों को काफी नुकसान होगा और केन्द्र सरकार ग्रामीण क्षेेत्रों की इक्नॉमी को समाप्त कर रही है।
उन्होंने कहा कि वन रैंक वन पेंशन एक व दो से नुकसान, अग्निवीर योजना से युवाओं के लिए भर्ती के द्वार बंद कर दिये है और ऐसी कई योजनायें है जिन्हें तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा व्यवस्था के साथ खिलवाड किया जा रहा है और केन्द्र सरकार झूठा राष्ट्रवाद फौज के कंधों पर चलाती है और फौज के प्रति मान सम्मान नहीं है और नई पेंशन स्कीम सहित केन्द्र सरकार की जन विरोधी नीतियों को घर घर ले जाने का काम किया जायेगा।
इस अवसर पर प्रदेश प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि केन्द्र के साथ ही साथ राज्य की भाजपा सरकार सैनिकों व पूर्व सैनिकों का अपमान कर रही है और जनरल हनूत को आज तक उनका हक नहीं दिया गया और वहीं दूसरी ओर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व पेशावर में तैनात वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली ने जिस प्रकार निहत्थे आंदोलनकारियों पर गोलियां चलाने से इंकार कर दिया जिससे उन्हें अंग्रेजों ने जेल भेज दिया और वह 14 साल तक जेल में रहे और यहां सैन्य धाम बनाये जाने की बात की जा रही है लेकिन वीर चन्द्रसिंह गढवाली के परिजनों को आज अपनी भूमि के लिए दर दर की ठोंकरें खानी पड रही है और वन विभाग उनकी जमीन को वापस लेने की कार्यवाही कर रहा है।
उन्होंने कहा कि इस मामले में उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री व उत्तराखंड सरकार के मुख्यमंत्री को विशेष रूप से हस्तक्षेप करना होगा और इस परिवार को उनका हक जल्द देना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार व भाजपा सैनिकों के साथ अन्याय कर रही है और पहले साल में ढाई महीनें की छुट्टी सैनिक आता था तो परिवार के साथ समय बिताता था लेकिन अब 14 दिन से ज्यादा अवकाश लेने पर एनजीओ के साथ काम करना होगा और उसका प्रमाण पत्र भी लेना होगा यह भाजपा व भाजपा सरकार का दोहरा चरित्र है। इस अवसर पर पत्रकार वार्ता में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, सेनि कैप्टन बलबीर सिंह रावत, मथुरादत्त जोशी, मोहन सिंह, आर आर नेगी, सेनि मेजर हरि सिंह चौधरी, गोपाल सिंह, अमरजीत सिंह आदि शामिल रहे।