न्याय यात्रा पर निकली कांग्रेस

0
14

देहरादून(नगर संवाददाता)। अंकिता भंडारी को न्याय दिलाए जाने, जनता के अधिकारों, न्याय और जनहित के मुद्दों को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस ने दून से न्याय यात्रा का शुभारंभ किया। चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने देहरादून स्थित टपकेश्वर महादेव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और न्याय की कामना के साथ न्याय यात्रा का आगाज किया। इस अवसर पर टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना के उपरांत प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, कांग्रेस भवन से राजपुर और मसूरी विधानसभा में न्याय यात्रा प्रस्तावित है। राजपुर विधानसभा में पदयात्रा के दौरान चौक, घंटाघर, पलटन बाजार क्षेत्र में जनसंपर्क करते हुए राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स तक यात्रा निकाली गई और इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा है कि लगातार अंकिता भंडारी को न्याय दिलाए जाने की मांग उठाई जा रही है और जिस वीआईपी का नाम सामने आया उसे सिक्किम का राज्यपाल केंद्र सरकार ने बनाकर जांचों से बचाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाए जाने तक कांग्रेस अपना संघर्ष जारी रखेगी।
चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष व चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने कहा है कि कांग्रेस की इस न्याय यात्रा का उद्देश्य प्रदेश की जनता के बीच पहुंचकर उनके सवालों, समस्याओं और अपेक्षाओं को सुनना तथा न्याय, अधिकार और सम्मान की लड़ाई को मजबूती प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मानना है कि लोकतंत्र में जनता की आवाज सर्वोपरि है और अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाना तथा पीडि़तों को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करना विपक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि 27 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा सत्र के दौरान विधानसभा का घेराव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाए जाने, महंगाई, बेरोजगारी, महिला अपराध, शिक्षा, स्वास्थ्य, पलायन सहित अनेक जन मुद्दों को सदन में उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों से आज जनता पूर्ण रूप से त्रस्त है और आगामी विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को सबक सिखाएगी।़
उन्होंने कहा कि न्याय यात्रा के शुभारंभ के साथ ही कांग्रेस पार्टी ने इस अभियान को प्रदेशव्यापी स्वरूप देने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। इसी क्रम में आज मसूरी विधानसभा क्षेत्र, राजपुर विधानसभा क्षेत्र सहित अन्य क्षेत्रों में भी न्याय यात्रा निकाली गई है और सहसपुर, विकासनगर, चकराता, धर्मपुर विधानसभा, कैंट विधानसभा, ऋषिकेश सहित प्रदेश के अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी न्याय यात्रा निकाली जाएगी। इस अवसर पर मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी का संकल्प है कि न्याय यात्रा केवल एक पदयात्रा तक सीमित न रहे, बल्कि यह जनता के दुख-दर्द, अधिकारों और आकांक्षाओं से जुड़ा व्यापक जनसंपर्क अभियान बने। कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझेंगे और उनके समाधान के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष कर रहे है।
प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी ने कहा कि न्याय, सम्मान और जनहित के लिए उसका संघर्ष निरंतर जारी रहेगा। जनता के अधिकारों की रक्षा, अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने और प्रदेश के आम नागरिकों के हितों की लड़ाई लडऩे के लिए कांग्रेस सड़क से सदन तक अपनी जिम्मेदारी निभाती रहेगी। उन्होंने कहा कि न्याय की आवाज, जनता के साथ कृ यही कांग्रेस का संकल्प है। इस दौरान प्रीतम सिंह के साथ पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा, सूर्यकांत धस्माना, संचार सचिव वैभव वालिया, पूर्व विधायक राजकुमार, मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, अश्विनी बहुगुणा महानगर अध्यक्ष डॉक्टर जसविंदर सिंह जोगी, सुनीता प्रकाश, वीरेंद्र पोखरियाल, संग्राम सिंह पुंडीर, अभिनव थापर, सोनिया आनंद, पूनम कंडारी, सुशांत बोरा, मनमोहन शर्मा, गौतम नौटियाल मोहन काला, अनूप कपूर, अमित रावत, जगदीश धीमान सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY