रैली के चलते चप्पे चप्पे पर तैनात रहा पुलिस बल
नगर संवाददाता
देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड प्रकरण में वीआईपी के रूप में आरोपी दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने के विरोध में कांग्रेसियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी के बीच बाइक एवं स्कूटर रैली निकालकर अपना विरोध दर्ज किया और दुष्यंत कुमार की नियुक्ति को निरस्त किए जाने की मांग की है। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
यहां अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में बाइक एवं स्कूटर सवार कार्यकर्ता आईएसबीटी के निकट शिमला बाईपास चौक पर एकत्रित हुए और वहां से रैली सहारनपुर चौक, प्रिंस चौक, तहसील चौक, दर्शनलाल चौक होते हुए घंटाघर स्थित पर्वतीय गांधी इंद्रमणि बडोनी की प्रतिमा के समक्ष समापन किया और दुष्यंत कुमार को राज्यपाल बनाए जाने का विरोध दर्ज किया।
इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा है कि जिस व्यक्ति पर अंकिता भंडारी हत्याकांड में वीआईपी होने का आरोप है और आज ऐसे व्यक्ति को सिक्किम का राज्यपाल बनाया गया है जिसका पुरजोर तरीके से विरोध किया जाएगा। उन्होंने राष्ट्रपति से अनुरोध किया है कि दुष्यंत गौतम की नियुक्ति को तत्काल निरस्त किया जाए। उन्होंने कहा कि सिक्किम में भी राज्यपाल की नियुक्ति का विरोध शुरू हो गया है।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा है कि अंकिता भंडारी की निर्मम हत्या ने न केवल देवभूमि उत्तराखण्ड, बल्कि पूरे देश की आत्मा को झकझोर कर रख दिया था। इस जघन्य हत्याकांड के बाद से ही प्रदेश की जनता, विशेषकर महिलाओं, युवाओं एवं सामाजिक संगठनों द्वारा इस प्रकरण में कथित वीवीआईपी की भूमिका उजागर करने तथा पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराये जाने की मांग लगातार उठाई जाती रही है। उन्होंने कहा कि तत्काल दुष्यंत कुमार को पद से हटाया जाए।
उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी को जल्द ही न्याय दिया जाए और उनके माता पिता को पुलिस जिस प्रकार से गिरफ्तार किया है उसकी जितनी निंदा की जाए वह कम है। प्रदेश उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा है कि भाजपा एक ओर बेटी बचाओ बेटी पढाओं का नारा देती है। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी भी तो एक बेटी थी उसे आज तक न्याय नहीं मिल पाया है और अंकिता भंडारी को जल्द ही न्याय दिलाया जाए। अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए आवाज बुलंद की जाएगी।
इस अवसर पर कई पदाधिकारियों ने विचार व्यक्त किये। इस दौरान रैली रूट में चप्पे चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा। इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व अध्यक्ष करन माहरा सहित अन्य नेताओं ने इंद्रमणि बडोनी, बाबा साहेब डा. भीमराव अंबेडकर, सरदार बल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया। वहीं दूसरी ओर रैली के दौरान कार्यकर्ता सड़कों पर प्रदर्शन करते हुए चल रहे थे। रैली रूट पर चप्पे चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष व विधायक प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष व पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत, पूर्व अध्यक्ष करन माहरा, पूर्व मंत्री नवप्रभात, पूर्व विधायक राजकुमार, प्रवक्ता सुनीता प्रकाश, सुजाता पॉल, डा. प्रतिमा सिंह, मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, पूनम कंडारी, वीरेंद्र पोखरियाल, नवीन जोशी, अर्जुन सोनकर, पुष्पा पंवार, मोहन काला, चंद्रकला नेगी, पंडित मनीष गौनियाल सहित अनेक कांग्रेसी शामिल रहे।


/>



/>