काशी विश्वनाथ- शक्ति माता का बनेगा कॉरिडोर
जनपद में गूंजा विकसित भारत का संकल्प
उत्तरकाशी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत उत्तरकाशी में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी विचारों को सुना और बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों को संबोधित किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी के लिए दो महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने काशी विश्वनाथ शक्ति माता कॉरिडोर के निर्माण की घोषणा करते हुए उत्तरकाशी स्थित स्वास्थ्य केंद्र का नाम पूर्व विधायक स्व. गोपाल सिंह रावत के नाम पर रखने की बात कही। मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं को धार्मिक पर्यटन और स्थानीय विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रसेवा को अपना ध्येय बनाते हुए पिछले 25 वर्षों में जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने विकास, आधारभूत सुविधाओं और जनकल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं पर काम किया है तथा विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों और केंद्र सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य केवल सरकार का संकल्प नहीं, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में भी केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। सीमांत जनपद उत्तरकाशी में धार्मिक पर्यटन के साथ स्वास्थ्य, सड़क, शिक्षा और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है। काशी विश्वनाथदृश्री शक्ति माता कॉरिडोर की घोषणा के बाद अब उत्तरकाशी के प्रमुख धार्मिक स्थलों को सुव्यवस्थित रूप से विकसित करने की दिशा में कार्य आगे बढ़ने की उम्मीद है। वहीं स्वास्थ्य केंद्र को पूर्व विधायक स्व. गोपाल सिंह रावत का नाम देने की घोषणा के माध्यम से उनके सार्वजनिक जीवन और क्षेत्र के लिए किए गए कार्यों को सम्मान देने की बात कही गई।