धामी का डबल प्लान

0
9

अयोध्या में अतिथि गृह तो रुद्रपुर में खेल हब
अयोध्या में दिखेगी देवभूमि की संस्कृति
प्रमुख संवाददाता
देहरादून। मुख्यमंत्री के डबल प्लान से अयोध्या में देवभूमि की झलक सारा संसार देखेगा तो वहीं उत्तराखण्ड के रुद्रपुर मंे खेलों का आधुनिक हब बनाकर युवा खिलाड़ियों को एक बड़ा तोहफा दिया जायेगा। रुद्रपुर में युवाओं को खेलों की सौगात मिलने से उनमें एक नई सोच का संचार होगा। मुख्यमंत्री के डबल प्लान को धरातल पर उतारने के लिए आवास एवं राज्य सम्पत्ति के सचिव ने खुद मोर्चा संभाल लिया है और उन्होंने परियोजनाओं को गुणवत्ता के आधार पर बनाने का जो आदेश दिया है उससे साफ नजर आ रहा है कि अब उत्तराखण्ड एक नई दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
अयोध्या में उत्तराखंड की संस्कृति और प्राकृतिक विरासत की झलक दिखाई देगी तो रुद्रपुर में खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं मिलेंगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग ने दोनों महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को आगे बढ़ाने की कवायद तेज कर दी है। सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार ने परियोजनाओं की समीक्षा कर गुणवत्ता, उपयोगिता और लागत में संतुलन रखने के निर्देश दिए हैं। अयोध्या धाम में करीब 67.83 करोड़ रुपये की लागत से उत्तराखंड का भव्य राज्य अतिथि गृह प्रस्तावित है। इसे महज सरकारी मेहमानों के ठहरने की जगह के बजाय देवभूमि के परिचय केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी है। भवन में पारंपरिक पहाड़ी वास्तुकला को प्रमुखता दी जाएगी। इसके अलग-अलग तलों पर ओम पर्वत, ग्लेशियर, जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क और पंचाचूली पर्वत शिखरों की थीम दिखाई देगी। इससे अयोध्या आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक उत्तराखंड की संस्कृति और प्राकृतिक विरासत से भी परिचित हो सकेंगे। अतिथि गृह की मूल योजना में शामिल बारात घर को हटाने का फैसला किया गया है। इसके स्थान पर भवन को पूरी तरह राज्य अतिथि गृह के निर्धारित मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा। विभाग का जोर भवन की उपयोगिता के साथ उत्तराखंड की अलग पहचान उभारने पर है।
इधर, रुद्रपुर के मोदी मैदान में 23.32 करोड़ रुपये की संशोधित लागत से इंडोर और आउटडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित करने की तैयारी है। पहले इसकी लागत 23.74 करोड़ रुपये प्रस्तावित थी। संशोधित योजना में खर्च घटाने के साथ खेल सुविधाओं को अधिक उपयोगी बनाने का दावा किया गया है। इंडोर कॉम्प्लेक्स में जिम, टेबल टेनिस और बैडमिंटन की सुविधा होगी। आउटडोर परिसर में वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, फुटबॉल, पिकलबॉल और टेनिस के लिए सुविधाएं विकसित की जाएंगी। करीब एक किलोमीटर लंबा साइकिलिंग रूट और ट्रैक पाथ भी बनाया जाएगा। खिलाड़ियों के लिए चेंजिंग रूम और पर्याप्त टॉयलेट की व्यवस्था रहेगी। विभागीय व्यय समिति ने संशोधित आगणन पर सैद्धांतिक सहमति देते हुए इसे व्यय वित्त समिति के अनुमोदन के लिए आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है।
सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर परियोजनाओं को गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और जनोपयोगी बनाने पर जोर है। अयोध्या का अतिथि गृह उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को देश-दुनिया के सामने रखने का माध्यम बनेगा, जबकि रुद्रपुर का स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स युवाओं और खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।

LEAVE A REPLY