पेंशन के लिए जरूरतमंदों को नहीं काटने पडें़गे चक्कर
बुजुर्ग, विधवा, दिव्यागों को सीएम ने दी सौगात
प्रमुख संवाददाता
देहरादून। मुख्यमंत्री ने एक बडा संदेश दिया है कि अब बुजुर्ग, विधवा और दिव्यांगों को पेंशन के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पडें़गे। मुख्यमंत्री ने लाखों लाभार्थियों के खातों में सैकडों करोड़ भेजकर उन्हें संदेश दिया है कि सरकार उनके साथ खडी है। मुख्यमंत्री ने एक क्लिक में सैकडों करोड की पेंशन देकर लाखों जरूरतमंदों को पेंशन उनके खातों में पहुंचाकर उनके चेहरों पर एक नई मुस्कान लाने का काम किया है। मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा है कि हक के लिए किसी भी जरूरतमंद को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पडेंगे।
उत्तराखंड के लाखों बुजुर्गों, विधवाओं, दिव्यांगों और अन्य जरूरतमंद पेंशन लाभार्थियों के लिए शनिवार का दिन राहत लेकर आया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं के 9 लाख 87 हजार 17 लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 146 करोड़ 32 लाख 50 हजार की धनराशि हस्तांतरित की। यह राशि जुलाई 2026 की पेंशन के रूप में जारी की गई है। एक साथ करीब दस लाख लाभार्थियों के खातों में पेंशन पहुंचाकर सरकार ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारने का संदेश दिया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका लाभ बिना किसी परेशानी और बिचौलिये के सीधे पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि समाज का कमजोर और जरूरतमंद वर्ग सरकार के परिवार का अभिन्न हिस्सा है। सरकार की कोशिश है कि किसी बुजुर्ग माता-पिता, विधवा महिला अथवा दिव्यांग व्यक्ति को अपनी पेंशन और अधिकार के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि पेंशन की धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजने से व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ी है। सरकार का संकल्प है कि अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक भी योजनाओं का लाभ सम्मानपूर्वक और समय पर पहुंचे। जुलाई माह की पेंशन में सबसे बड़ी हिस्सेदारी वृद्धावस्था पेंशन की रही। प्रदेश के 6,15,628 वृद्धावस्था पेंशन लाभार्थियों को 1,500 रुपये प्रतिमाह की दर से कुल 92.34 करोड़ की धनराशि जारी की गई। वहीं 2,36,983 विधवा पेंशन लाभार्थियों को 1,500 रुपये प्रतिमाह की दर से 35.54 करोड़ दिए गए। 89,128 दिव्यांग पेंशन लाभार्थियों के खातों में भी 1,500 रुपये की दर से कुल 13.36 करोड़ हस्तांतरित किए गए।
सरकार ने किसान पेंशन योजना के 27,288 लाभार्थियों को 1,200 रुपये की दर से करीब 3.2 करोड़ जारी किए। परित्यक्ता पेंशन के 8,284 लाभार्थियों को 1,200 रुपये की दर से 99.408 लाख रुपये दिए गए। इसी प्रकार भरण-पोषण अनुदान के 7,383 लाभार्थियों को 700 रुपये की दर से 51.68 लाख रुपये, तीलू रौतेली पेंशन के 2,196 लाभार्थियों को 1,200 रुपये की दर से 26.35 लाख रुपये तथा बौना पेंशन के 127 लाभार्थियों को 1,200 रुपये की दर से 1.524 लाख रुपये की धनराशि वितरित की गई। समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने बताया कि जुलाई 2026 की पेंशन किस्त में विभिन्न योजनाओं के कुल 9,87,017 लाभार्थियों को भुगतान किया गया है। इनमें ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के करीब 2.15 लाख पेंशनर भी शामिल हैं। इन लाभार्थियों को वर्तमान में एसएनए स्पर्श प्रणाली के माध्यम से भुगतान किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” की भावना के साथ काम कर रही है। उत्तराखंड को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग का विकास आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य सिर्फ आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि जरूरतमंद नागरिकों को सामाजिक सुरक्षा और सम्मान प्रदान करना भी है। पात्र लाभार्थी को समय पर उसका अधिकार मिले और उसे व्यवस्था के सामने भटकना न पड़े, इसी दिशा में सरकार लगातार व्यवस्थाओं को सरल और पारदर्शी बना रही है। इस अवसर पर सचिव समाज कल्याण श्रीधर बाबू अद्दांकी, निदेशक जनजाति कल्याण संजय टोलिया, अपर सचिव सुन्दरलाल सेमवाल, निदेशक संजय कुमार, अपर निदेशक योगेंद्र रावत, संयुक्त निदेशक जी.आर. नौटियाल, गोवर्धन सिंह सहित विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।