कांवड़़ यात्रा पर धामी का सुरक्षा चक्रव्यूह

0
6

करोड़ों शिवभक्तों की हिफाजत को हाई अलर्ट
कांवड़ यात्रा को दिव्य, भव्य और सुरक्षित बनाने में जुटे सीएम
शिवभक्तों की सुरक्षा में नहीं होनी चाहिए चूक
देहरादून। कांवड़ यात्रा को दिव्य, भव्य और पूरी तरह सुरक्षित बनाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शासन और पुलिस प्रशासन को स्पष्ट संदेश दिया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने हरिद्वार, देहरादून, पौड़ी और टिहरी के जिलाधिकारियों, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तथा संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि करोड़ों शिवभक्तों की यात्रा शांतिपूर्ण, सुचारु और सुरक्षित कराने के लिए सभी इंतजाम समय रहते पूरे किए जाएं।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर इस बार कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा के अभेद इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन से 24 घंटे निगरानी, सीसीटीवी मॉनिटरिंग, अतिरिक्त पुलिस बल, पीएसी, यातायात प्रबंधन और त्वरित प्रतिक्रिया टीमों को तैनात किया जा रहा है, ताकि किसी भी असामाजिक तत्व की गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को साफ शब्दों में कहा है कि उत्तराखंड आने वाला प्रत्येक कांवड़िया सरकार का अतिथि है और उसकी सुरक्षा, सुविधा तथा सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है। यात्रा मार्गों पर पेयजल, चिकित्सा, सफाई, प्रकाश व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को भी युद्धस्तर पर दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
हर वर्ष की तरह इस बार भी मुख्यमंत्री स्वयं शिवभक्तों के स्वागत के लिए अग्रिम पंक्ति में दिखाई देंगे। उनका मानना है कि देवभूमि आने वाले श्रद्धालुओं का सम्मान उत्तराखंड की संस्कृति और परंपरा का हिस्सा है। इसी सोच के साथ सरकार इस बार कांवड़ यात्रा को देश की सबसे सुरक्षित, व्यवस्थित और यादगार धार्मिक यात्रा बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारी कर रही है।

LEAVE A REPLY