सरकार को नहीं सुनाई दे रहा जनता का दर्द

0
68

बिजली चोरों और अधिकारियों की मिलीभगत से पिस रहा उपभोक्ता
विकासनगर(संवाददाता)। जन संघर्ष मोर्चा ने सरकार और विद्युत विभाग को कटघरे मे खडा करते हुए आरोप लगाया है कि रूडकी, लक्सर, जसपुर, रूद्र्रपुर और बागेश्वर क्षेत्र को बिजली चोरी का खुला लाइसेंस मिला हुआ है? मोर्चा ने आरोप लगाया कि एक आम उपभोक्ता अधिकारियों और बिजली चोरों की मिलीभगत से खूब पिस रहा है और तो और विद्युत महकमा बिजली चोरी रोकने में पूरी तरह से नाकाम हो चुका है और जनता की पीडा न तो विद्युत विभाग सुन पा रहा है और न ही सरकार को उसकी पीडा नजर आ रही है। मोर्चा ने दहाड लगाई कि बिजली चोरी रोकने की दिशा में इस अवैध गठजोड़ का सफाया करने का काम करे, जिससे जनता को सस्ती बिजली मुहैया हो सके।
जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि आखिर क्यों जनता की पीड़ा विद्युत विभाग एवं सरकार को को सुनाई नहीं दे रही। आज अधिकारियों एवं बिजली चोरों की मिली भगत के चलते लाइन लॉस अधिकांश विद्युत वितरण खंडों में 30 से 40 फीसदी जून 2025 तक हो गया था तथा इसी प्रकार ए टी एंड सी लॉसेस 50 से 60 फीसदी था। अगर आंकड़ों की बात करें तो जून 2025 के अंत में रुड़की शहरी क्षेत्र में 40.05 फीसदी, रामनगर (रुड़की) 35.46, जसपुर 32.69,बागेश्वर 31.50, रुद्रपुर द्वितीय 30.89,लक्सर 28.98,रुद्रप्रयाग 29.70, हल्द्वानी (शहरी) 26.41, रामनगर 26.91 फीसदी तथा इसी प्रकार लगभग 15 वितरण खंडों में 20 से 25 फीसदी लाइन लॉस था। अगर ए टी – सी लॉसेस की बात करें तो टिहरी 66.78 फीसदी, नैनी डांडा 61.87,बाजपुर 63.2 तथा भिकिया सेंण 61.64 फीसदी है। कुल मिलाकर जून 2025 के अंत में प्रदेश भर का लाइन लॉस 18.12 फीसदी था। आखिर अधिकारियों एवं बिजली चोरों की मिलीभगत का सिलसिला थम क्यों नहीं रहा। आखिर जनता कब तक यूं ही लुटती रहेगी। आज जनता को लुटने के लिए सरकार द्वारा कई तरीके के अलग-अलग नाम से जजिया कर लगाए गये हैं। प्रदेश के विधायकों का इस और ध्यान क्यों नहीं जा रहा। क्या अधिकांश विधायकों को सिर्फ रेत- बजरी, ठेकेदारी, शराब अन्य अवैध कारोबार करने के लिए ही जनता ने इनको चुना है। मोर्चा सरकार से फिर मांग करता है कि बिजली चोरी रोकने की दिशा में इस अवैध गठजोड़ का सफाया करने का काम करे, जिससे जनता को सस्ती बिजली मुहैया हो सके। पत्रकार वार्ता में विजयराम शर्मा,दिलबाग सिंह व अतुल हांडा मौजूद थे।

LEAVE A REPLY