बारिश के चलते मौसम सुहावना, तापमान में गिरावट

0
109

देहरादून(नगर संवाददाता)। राजधानी में देर रात से हल्की बूंदाबांदी के बाद दोपहर तेज बारिश के चलते जहां सूखी ठंड से राहत मिली है वहीं मौसम सुहावना होने के साथ ही साथ तापमान में गिरावट आ गई है, कई जगहों पर लोग कड़ाके की ठंड से बचने के लिए अलाव सेकते हुए नजर आए।
यहां राजधानी सहित आस पास के क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के चलते बर्फबारी से ऊंची चोटियां लखदख हो गई है और मौसम के सुहावना होने के कारण पर्यटक बड़ी संख्या में उमड़ रहे है और बर्फ में अठखेलियां खेल रहे है।
काफी समय के इंतजार के बाद मौसम ने करवट ली। तड़के से ठंडी हवाएं चलने लगीं और कई इलाकों में बारिश व बर्फबारी दर्ज की गई। बर्फ गिरने से तापमान में गिरावट आई और पहाड़ों पर ठंड एक बार फिर लौट आई। मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, देहरादून सहित राज्य के छह जिलों में भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। वहीं अन्य जिलों में ओलावृष्टि और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
मसूरी, धनौल्टी और चकराता में इस सर्दियों का पहला स्नोफॉल हुआ, जिससे पर्यटकों और स्थानीय व्यापारियों के चेहरे खिल उठे। माल रोड तक बर्फ की हल्की फुहारें गिरीं, हालांकि तेज हवाओं के कारण बर्फ जम नहीं पाई।
मानसून की विदाई के कई महीने बाद मसूरी सहित प्रदेश भर के ऊंचाई वाले स्थानों में बूंदाबांदी और हिमपात देखने को मिला। धनौल्टी और सुरकंडा देवी क्षेत्र में भी बर्फबारी दर्ज की गई। .
केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब में हिमपात होने से ठंड बढ़ गई है और मैदानी और पर्वतीय इलाकों में भी मौसम बदल गया है और वहां पर बारिश हो रही है।

LEAVE A REPLY