बढ़ती महंगाई के खिलाफ महिला कांग्रेस ने निकाली केन्द्र की शवयात्रा

0
431

देहरादून(नगर संवाददाता)। प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी एवं महिलाओं की सुरक्षा के प्रति केन्द्र सरकार के उदासीन रवैये के खिलाफ प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में केन्द्र सरकार की शव यात्रा निकालकर उनका पुतला फूंका गया।
यहां प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में इकटठा हुए और वहां से बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी एवं महिलाओं की सुरक्षा के प्रति केन्द्र सरकार के उदासीन रवैये के खिलाफ शव यात्रा प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय राजीव भवन से निकल कर गांधी पार्क होते हुए घण्टाघर एवं वापस एस्ले हॉल चौक पहुंचकर वहां पर उसका दहन किया।
इस अवसर पर ज्योति रौतेला ने कहा है कि आज महंगाई चरम पर है और टमाटर के साथ ही साथ अन्य खाद्य पदार्थों के दाम आसमान छू रहे है लेकिन केन्द्र व राज्य सरकार इस ओर महंगाई को नियंत्रित करने का कोई प्रयास नहीं कर रही है।
उन्होंने कहा कि महंगाई से मध्यम वर्ग पूरी तरह से हताश है और उनका बजट लगातार बिगडता जा रहा है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी चरम पर है और हर वर्ष दो करोड बेरोजगारों को रोजगार का वायदा केन्द्र की भाजपा सरकार ने किया था लेकिन उस पर खरी नहीं उतरी है और आज तक अंकिता भंडारी हत्याकांड में प्रदेश सरकार वीआईपी के नाम को उजागर नहीं कर पाई है और इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा के लिए कितनी गंभीर है। उन्होंने कहा कि मणिपुर की घटना ने पूरे देश को ही नहीं विश्व को शर्मसार कर दिया है लेकिन केन्द्र सरकार आज भी इस ओर चुप्पी साधे हुए है और इस मामले को विपक्षी सांसदों ने सदन में उठाया लेकिन आज तक केन्द्र सरकार ने कोई जवाब नहीं दिया और केन्द्र सरकार महिलाओं की सुरक्षा के लिए कितनी गंभीर है यह मणिपुर की घटना से साफ जाहिर हो गया है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष को जारी रखा जायेगा। इस अवसर पर अनेकों महिला कांग्रेस की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे।

LEAVE A REPLY