नेहरू स्वतंत्र भारत के निर्माता, कांग्रेस व देश की धरोहर

0
403

देहरादून(नगर संवाददाता)। स्वतंत्रता सेनानी और देश के प्रथम प्रधानमंत्री स्वर्गीय पंडित जवाहरलाल नेहरू की 59वीं पुण्यतिथि के अवसर पर कांग्रेस भवन में महानगर कांग्रेस के द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने पंडित नेहरू के चित्र पर पुष्प अर्पित किए।
इस अवसर पर राष्ट्रीय प्रवक्ता व पूर्व सांसद एनी याज्ञनिक ने कहा कि पण्डित जवाहर लाल नेहरू जी द्वारा स्वतंत्रता संग्राम के दौरान किये त्याग और योगदान पर हमें गर्व है। उन्होंने प्रगतिशील, धर्मनिरपेक्ष और आधुनिकि भारत की जो आधारशिला रखने में योगदान दिया उसके लिए हम सब भारतवासी उन्हें कृतज्ञता से याद करते हुए नमन करते हैं। उन्होंने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू के पंचशील के सिद्धांत आज भी पूरी दुनिया को शांति का संदेश देते हैं। उन्होंने संसदीय लोकतंत्र के इतिहास में समाजवाद, लोकतंत्र व नियोजन का नया प्रयोग किया था जिससे पूरे विश्व में लोकतंत्र की बयार को नई दिशा मिली थी। इस अवसर पर कांग्रेस भवन के कार्यक्रम के उपरान्त महानगर कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ जसविन्दर सिंह गोगी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता पुरानी जेल परिसर स्थित नेहरू वार्ड भी गए जहां नेहरू बन्दी रखे गए थे। यहां पर उनकी मूर्ति पर श्रद्धासुमन अर्पित किये गए। इस अवसर पर सभी कार्यकर्ता कुछ समय के लिए नेहरू वार्ड में बैठे रहे और उनको याद किया। उन्होंने कहा कि पंडित नेहरू को देहरादून शहर और इसकी आवोहवा से बहुत लगाव था।
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष डॉ जसविन्दर सिंह गोगी ने पंडित नेहरू को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि पंडित नेहरू न केवल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का अमूल्य रत्न हैं, बल्कि पूरे देश की धरोहर हैं। आधुनिक भारत की वैचारिक, वैधानिक, शासकीय, औद्योगिक, आर्थिक तथा लोकतांत्रिक आधारशिला रखने का कार्य मुख्यत: पंडित नेहरू ने ही किया, जो प्रारम्भ के 17 चुनौतीपूर्ण वर्षों तक देश के प्रधानमंत्री रहे। उन्होंने कहा कि इन वर्षों में यह तय हुआ कि देश किस दिशा में जायेगा, वह सफल राष्ट्र बनेगा या नहीं, या तार्किक वैज्ञानिक विचारों का अनुसरण करेगा या उन्माद और फिरकापरस्ती के रास्ते पर चलेगा। उन्होंने कहा कि पंडित नेहरू ने इस दौर में देश को सफलतापूर्वक एक सफल लोकतांत्रिक, वैज्ञानिक सोच आधारित, सर्वसमावेशी, धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र-राज्य के रूप में विश्व पटल पर स्थापित किया।
उन्होंने कहा कि आधुनिक शिक्षा संस्थान, कारखाने, बांध, नहरें आदि बनाये। उन्होंने कहा कि विश्व राजनीति में भी नेहरू एक बड़े नेता के रूप में गिने जाते थे। कम शब्दों में यदि कहा जाए तो नेहरू आधुनिक भारत के निर्माता थे। उन्होंने कहा कि उनको याद करना तब और प्रासंगिक हो जाता है जब वर्तमान सरकार पंडित नेहरू की उपलब्धियों और योगदान को कमतर दिखाने की कोशिश में लगी है। उन्होंने कहा कि लेकिन मोदी सरकार यह भूल जाती है कि देश की जो उपलब्धियां उसे विरासत में मिली हैं उन्हीं पर सवार होकर पंडित नेहरू की आलोचना करना ऐसा ही है जैसे पेड़ की शाखा पर बैठकर उसे काटना। उन्होंने कहा कि आज पंडित नेहरू के आदर्शों और सिद्धांतों को याद करने का समय है। कांग्रेस के कार्यकर्ता और नेता नेहरूवादी विचार पर आधारित शासन को और मजबूत करने के लिए कृतसंकल्पित हैं। उन्होंने कहा कि जो विचारधारा कांग्रेस मुक्त भारत जैसी दम्भपूर्ण बात करती है वो भूल जाती है कि यह पंडित नेहरू की पार्टी है। उन्होंने कहा कि इस देश का संविधान, समाज, और कण-कण पंडित नेहरू के विचारों से ओतप्रोत है। कांग्रेस ही नेहरू और गाँधी के विचारों की स्वाभाविक उत्तराधिकारी है। इस अवसर पर मुख्य रूप से प्रदेश महामंत्री संगठन मथुरा दत्त जोशी, गरिमा दसौनी, नवीन जोशी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष उर्मिला थापा,विकास नेगी, अभिषेक तिवारी , लकी राणा, मनोज, वीरेंद्र पंवार, नीरज त्यागी, शमीम मंसूरी, सलीम अंसारी आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।

LEAVE A REPLY