देहरादून(नगर संवाददाता)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष व सांसद राहुल गांधी के घर पुलिस भेजने और नोटिस देने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महानगर अध्यक्ष डॉ जसविंदर सिंह गोगी की अध्यक्षता में एस्ले हॉल पर केंद्र की भाजपा सरकार का पुतला फूंका और विरोध प्रदर्शन किया।
यहां कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में इकटठा हुए और वहां से केन्द्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एस्ले हॉल पहुंचे जहां पर केन्द्र सरकार का पुतला फूंका। इस अवसर पर डाक्टर गोगी ने कहा कि 3० जनवरी को भारत जोड़ो यात्रा के समापन के अवसर पर अपने अनुभव साझा करते हुए राहुल गांधी द्वारा दिए गए बयान की जांच हेतु उनके घर मे पुलिस जाने और पूछताछ करने की घटना अत्यंत शर्मनाक है।
इस अवसर पर डॉ जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि लोकतंत्र में की जाने वाले राजनीतिक रैलियों और कार्यक्रमों की इस तरह की स्क्रूटनी होने लग जायेगी तो लोकतंत्र और राजनीतिक गतिविधियां कैसे चल पाएंगी। उन्होंने कहा कि फिर भी यदि सरकार को कोई जानकारी चहिए थी तो तब ही कर ली जानी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि अब 45 दिन बाद जाकर इस तरह पुलिस को एक शीर्ष नेता के घर भेजना, नोटिस आदि देना दुर्भावनापूर्ण कृत्य और सत्ता का दुरुपयोग है।
उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार के सामने बहुत सारे मसले हैं जिनको वह संभाल नहीं पा रही है, न सरकार से अडानी मामले में कुछ बोलते बन पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इन्हीं चीजों से ध्यान हटाने का भी यह तरीका है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार हाथ धोकर राहुल गांधी के पीछे पड़ी है क्योंकि वह सरकार और प्रधानमंत्री के खिलाफ सबसे मुखर आवाज हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए सरकार हर तरह के हथकंडे अपना रही है।
उन्होंने कहा कि सीबीआई, ईडी आदि केंद्रीय संस्थाओं का दुरुपयोग खुलेआम किया जा रहा है। मीडया को नियंत्रित करने का कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा को यह अहंकार हो गया है कि अब वह देश की सत्ता में हमेशा के लिए ही बने रहेंगें। उन्होंने कहा कि जल्द उसका यह भ्रम टूटेगा। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस ने अपने शासनकाल में भाजपा की तरह विपक्ष का दमन करने वाली नीति अपनाई होती तो आज भाजपा का देश मे कोई नामलेवा भी न होता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आन्दोलनों और संघर्षों से जन्मी पार्टी है और इस तरह के हथकंडों से घबराने वाली नहीं है। सरकार चाहे कितनी भी दमनकारी नीतियां अपना ले, न तो राहुल गांधी इन सब हथकंडों से विचलित होने वाले हैं न कांग्रेसी इस पर चुप बैठे रहेंगें। उन्होंने कहा कि पूरे देश में केन्द्र सरकार के खिलाफ और लोकतंत्र की रक्षा के लिए विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे।
इस मौके पर मुख्य रूप से प्रदेश महामंत्री संगठन विजय सारस्वत, प्रदेश अध्यक्ष महिला कांग्रेस ज्योति रौतेला, प्रदेश मुख्य प्रवक्ता गरिमा दसौनी, प्रदेश महासचिव उपेंद्र थापली, नवीन जोशी, मनीष कुमार नागपाल, मीडिया पैनलिस्ट सुनीता प्रकाश, उर्मिला थापा, पुष्पा पंवार , आशा मनोरमा शर्मा, रोबिन त्यागी , विनीत प्रसाद भट्ट बंटू, सावित्री थापा, मंजू , पिया थापा , मनीष वर्मा , वीरेंद्र पंवार ,पूूनम कंडारी, सुमित देवरानी,लकी राणा, सतेंद्र पंवार, शिवम, मोहन काला, सूरज क्षेत्री, आलोक मेहता, अरुण बलूनी, आशीष नौटियाल, नवाब खान,सजाद अंसारी,दानिश,मोहन थापली, रीना थापली, अनूप सक्सेना , पिंटू मौर्य , अरविंद गुरुंग, फैजल, शमीम मंसूरी आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।