प्रमुख संवाददाता
देहरादून। उत्तराखण्ड को भ्रष्टाचारमुक्त बनाने का राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संकल्प लिया है और कहा है कि राज्य में विधानसभा चुनाव में राज्यवासियों का आशीर्वाद मिलने के बाद प्रदेश में जब भाजपा की सरकार सत्ता में आयेगी तो पहले दिन से ही भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी जंग शुरू हो जायेगी और राज्य के हर सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचारियों पर नजर रखने के लिए विजिलेंस कर्मियों को भी तैनात करने का खाका तैयार किया जायेगा जिससे कि कोई भी व्यक्ति सरकारी कार्यालय में अपना काम कराने के लिए वहां के चक्कर न काटे और न ही उसे किसी को अपना काम कराने के लिए सुविधा शुल्क देना पडे। पुष्कर सिंह धामी का दावा है कि राज्य में चारो तरफ से जिस तरह भाजपा को आशीर्वाद मिल रहा है उससे राज्य के अन्दर भाजपा की सरकार बनना तय है और यह सरकार भाजपा की नहीं बल्कि आवाम की सरकार होगी।
उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जो कि सैनिक परिवार से आते हैं उन्होंने राज्य में आंदोलनकारियों के बलिदान को नजदीक से देखा है और यही कारण है कि उनके मन में एक पीडा है कि शहीद आंदोलनकारियों ने जिस उत्तराखण्ड के लिए अपना बलिदान दिया था वह अभी धरातल पर नहीं उतर पाया है इसलिए उनकी पहला मिशन है कि राज्य में जब भाजपा की सरकार सत्ता में राज्यवासियों के आशीर्वाद से आयेगी तो शहीद आंदोलनकारियों के सपनों का उत्तराखण्ड बनाने की दिशा में उनके कदम पहले दिन से ही आगे बढ जायेंगे और कहा कि राज्य के अन्दर भ्रष्टाचार, माफियातंत्र एक ऐसा नासूर है जिससे आम आदमी अपने आपको उससे भयभीत पाता है इसलिए आवाम का भय दूर करने के लिए राज्य के अन्दर नासूर बन चुके भ्रष्टाचार व माफियातंत्र को जड़ से खत्म करने का संकल्प उन्होंने लिया हुआ है। पुष्कर सिंह धामी का कहना है कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जिनका राज्य से बडा लगाव है और वह राज्य को एक आदर्श राज्य देखने के लिए अपने कदम आगे बढाये हुये हैं उनके इस विजन को धरातल पर उतारना ही उनका सबसे बडा सपना है। पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य के अन्दर हर व्यक्ति भयमुक्त होकर जीवन जी सके और राज्य के अन्दर भ्रष्टाचार व घोटाले का कोई नामोनिशान न हो ऐसा उत्तराखण्ड बनाना ही उनका एक मात्र विजन रहेगा। धामी का कहना है कि राज्यवासी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन को ध्यान में रखते हुए उत्तराखण्ड के अन्दर एक बार फिर भाजपा को सत्ता में पहुंचायेंगे और उसके बाद नरेन्द्र मोदी राज्य के अन्दर पर्यटन, तीर्थाटन व रोजगार को आगे बढाने की दिशा में एक बडा रोड-मैप तैयार किये हुये हैं और इस रोड-मैप को वह राज्य में भाजपा की सरकार बनते ही धरातल पर उतारने के लिए आगे आ जायेंगे जिससे राज्य कुछ ही समय में आदर्श राज्य की ओर बढ़ चलेगा।
