होली और दीवाली मनाकर खूब थिरके वकील
शहीद स्थल पर शहीदों को किया नमन
प्रमुख संवाददाता
देहरादून। उत्तराखण्ड में बार काउंसिल के हुये प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव में देहरादून बार एसोसिएशन के कुलदीप कुमार ने शानदार जीत हासिल की तो उनकी जीत का जश्न कचहरी परिसर में हुआ जहां सैकडों वकीलों ने होली और दीवाली एक साथ मनाकर ढोल की थाप पर खूब नृत्य किया और जीत हासिल करने वाले कुलदीप ने सब वकीलों का शुक्रिया किया और कहा कि वकीलों के हितों की रक्षा करने के लिए वह हमेशा आगे रहेंगे।
आज दोपहर वकील प्रकाश टी पाल के चैम्बर में वकीलों का तांता लगा हुआ था और सब कुलदीप कुमार की जीत का जश्न मनाने के लिए हाथों में फूल की मालायें लेकर खडे हुये थे। कुलदीप कुमार की इस बडी जीत को प्रकाश टी पाल ने वकीलों की एकता की जीत बताया और कहा कि कुलदीप कुमार की जीत से वकीलों को एक बडा साथ मिला है। कुलदीप कुमार की जीत का जश्न मनाने के लिए काफी संख्या में वकील एकत्र थे और उन्होंने पहले कचहरी परिसर में पटाखे फोडकर खूब दीवाली मनाई। वहीं जीत हासिल करने वाले कुलदीप कुमार ने अपने वकील साथियों के साथ मिलकर पहले शहीद स्थल में शहीदों को श्रद्धांजलि दी और उनके बलिदान को याद किया।
कुलदीप कुमार इसके बाद वहां से प्रकाश टी पाल के चैम्बर के बाहर मौजूद वकीलों के हुजूम के बीच पहुंचे जहां उनके आते ही उन्हें फूल मालाओं से लाद दिया गया उसके बाद वहां जमकर गुलाल उडाया गया और खूब होली खेली गई। होली खेलते हुए वकील एक दूसरे को कुलदीप कुमार की जीत की बधाई दे रहे थे तो वहीं उनकी जीत के जश्न में मिठाई बांटी जा रही थी। कचहरी के अन्दर व बाहर का परिदृश्य देखते ही बन रहा था और वहां मौजूद प्रकाश टी पाल के साथ-साथ काफी संख्या में वकील ढोल की थाप पर खूब डांस करते हुए नजर आये। काफी वकीलों ने कुलदीप कुमार को अपने कंधे पर बिठाकर उनकी जीत का जश्न मनाया तो वहीं कुलदीप कुमार ने भी अपनी इस जीत का श्रेय राज्यभर के वकीलों के साथ राजधानी बार एसोसिएशन के वकीलों को दिया। कुलदीप कुमार ने कहा कि वह हमेशा वकीलों के हित की लडाई लडने के लिए उनके साथ खडे रहेंगे और सबको साथ लेकर चलने मे ही वह हमेशा आगे रहेंगे।
