खनन से भरे तेज रफ्तार डम्परों का तांडव

0
32

सड़क पर पांच भैसों को रौंदा
वन गुजर के पशुओं के झुंड को बेरहमी से कुचला
विकासनगर (मनोज सैनी)। देहरादून-पांवटा साहिब राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज तड़के सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। शिमला बाईपास मार्ग स्थित ‘मित्रां दा ढाबा’ (आदुवाला) के पास खनन से भरे अनियंत्रित घोड़ा डंपरों ने सड़क किनारे जा रहे वन गुर्जर के पशुओं के झुंड को बेरहमी से कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में पांच भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गाय और तीन भैंसें गंभीर रूप से घायल हो गई हैं।
वहीं, एक गाय और तीन अन्य भैंसों को भी हल्की चोटें आई हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना सुबह लगभग सवा पांच बजे की है, जब वन गुर्जर यूसुफ (पुत्र दिल मोहम्मद), निवासी शाहपुर कल्याणपुर, हिमाचल की ओर से अपने छोटे-बड़े कुल पन्द्रह पशुओं को लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपरों ने पशुओं को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में पशुपालक को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है, जबकि साथ चल रहे गुर्जर परिवार के लोग बाल-बाल बच गए। सूचना पर पहुंची विकासनगर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की है।
पुलिस द्वारा बताया गया कि हादसे में एचपी17जे-4280 और एचआर58ई-8037 नंबर के दो घोड़ा डंपर संदिग्ध पाए गए हैं, जिनकी पहचान और जांच की जा रही है। घायल पशुओं के उपचार और पोस्टमार्टम के लिए हर्बटपुर और विकासनगर के पशु चिकित्सकों के उपलब्ध न होने के कारण, अंततः शीशम बाड़ा से चिकित्सकों की टीम को मौके पर रवाना किया गया। स्थानीय जनप्रतिनिधि विपिन चौहान ने घटना पर आक्रोश जताते हुए बेलगाम वाहनों पर अंकुश लगाने और पीड़ितों को मुआवजा देने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

LEAVE A REPLY