तो महेंद्र भट्ट भी पार्टी में थे शामिल!
कुंवर के आरोपों की गोदियाल ने निकाली हवा
प्रमुख संवाददाता
देहरादून। खानपुर के एक्स एमएलए ने सोशल मीडिया पर आकर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और हरक सिंह रावत पर आरोप का जो ढोल पीटा है उसको लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने पलटवार करते हुए दो टूक कहा कि उन्होंने तो दोस्ती में दोस्तों को दावत दी थी और अब चौबीस साल बाद उन्हें ताने मिल रहे हैं, इतना ही नहीं उन्हांेने एक्स एमएलए को नसीहत देते हुए कहा कि उस पार्टी में मौजूदा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भी शामिल थे इसलिए वह जो पूछना हो उनसे पूछ लें। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के इस पलटवार से गेंद अब भाजपा के पाले मे आ गई है और अब इसमें क्या जवाब सामने आयेगा इस पर अब सबकी नजरें लग गई हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने जिस अंदाज में सोशल मीडिया पर आकर अपनी बात रखी वह कहीं न कहीं भाजपा के लिए एक सिरदर्द बन सकता है क्योंकि प्रदेश अध्यक्ष ने यहां तक कह दिया कि उस पार्टी में तो कांग्रेस और भाजपा के विधायक भी थे और उस पार्टी का खर्चा भी उन्होंने किया था और अब चौबीस साल बाद उन पर ही वह व्यक्ति तोहमत लगा रहा है जिसके कहने पर उन्होंने यह पार्टी की थी। चैम्पियन और गणेश गोदियाल के आमने-सामने से एक बार फिर राजनीतिक तापमान गर्मा गया है?
उत्तराखण्ड की सियासत में कौन राजनेता कब किस पर अपने शब्दबाण चला दे यह पता ही नहीं चलता। राज्य बनने के बाद से ही भाजपा व कांग्रेस के काफी नेता हमेशा आमने सामने रहते रहे हैं और उन्होंने एक दूसरे को कटघरे में खडा करने का जो बार-बार खेल खेला वह भी राज्य की जनता अच्छी तरह से जानती है। उत्तराखण्ड मे भले ही विधानसभा चुनाव में अभी एक साल का समय बचा हो लेकिन कांग्रेस व भाजपा के कुछ नेताओं के बीच आपसी वॉकयुद्ध शुरू हो रखा है उससे उत्तराखण्ड की राजनीति का तापमान एकाएक गर्मा गया है। खानपुर से पूर्व विधायक कुंवर प्रणव चैम्पियन कब किस पर अपना निशाना साध लें यह सब जानते हैं और उनके द्वारा दिये जाने वाले बयानों को लेकर कई बार राज्य की राजनीति का तापमान चरम पर पहुंचते हुए सबने देखा है। कुंवर प्रणव चैम्पियन ने अब अचानक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष व कद्दावर नेता हरक सिंह रावत पर आरोपों की बारिश करके उत्तराखण्ड की सियासत में फिर एक नया तूफान मचाने का जो शोर मचाया है उसको लेकर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल भी सामने आ गये और उन्होंने कुंवर प्रणव चैम्पियन द्वारा लगाये गये आरोपों का सिलसिलेवार जवाब देकर कहीं न कहीं यह साफ किया है कि कुंवर प्रणव जो आरोप लगा रहे हैं वह सिर्फ एक आरोप से ज्यादा कुछ नहीं है।
गणेश गोदियाल ने चैम्पियन के उस हर आरोप का जवाब दिया जो उन पर लगाया गया। कुल मिलाकर कहा जाये तो जिस तरह से एकाएक कुंवर प्रणव चैम्पियन ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और हरक सिंह रावत को अपने निशाने पर लेने के लिए जो आरोपों की बारिश की है उसका पलटवार करते हुए गणेश गोदियाल ने सोशल मीडिया पर आकर कहा कि जिस क्लब में कांग्रेस के कुछ विधायक गये थे उसमें भाजपा के भी कुछ विधायक थे और सबने वहां खाना खाया और कुछ ने फ्लोर पर डांस भी किया था जिसमें कोई अनैतिकता नहीं थी। जैसा शोर कुंवर प्रणव चैम्पियन मचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज पच्चीस साल बाद कुंवर प्रणव चौम्पियन उन पर आक्षेप लगा रहे हैं और कहा कि चैम्पियन ने कहा कि वह बहुत ज्ञानी हैं और उनका मुकाबला कोई नहीं कर सकता तो गोदियाल ने कहा कि वह किसी का मुकाबला करना भी नहीं चाहते। अब चैम्पियन और गोदियाल जिस तरह से आमने-सामने आये हैं उसने राज्य के अन्दर एक नई राजनीतिक जंग छेड दी है।
उत्तराखण्ड की सियासत में भाजपा व कांग्रेस के बीच जुबानी जंग हमेशा से देखने को मिलती रही है लेकिन अब चौबीस साल पुरानी एक पार्टी को लेकर उत्तराखण्ड की सियासत गर्मा गई है। हुआ यूं कि चौबीस साल पहले मुंबई एक क्लब में हुई डॉस पार्टी ने उत्तराखण्ड की राजनीति में भूचाल ला दिया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि उस पार्टी में भाजपा के मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी मौजूद थे। उत्तराखण्ड के किस-किस विधायक ने उस पार्टी में डांस किया, यह स्पष्ट करने के लिए महेंद्र भट्ट से बेहतर कोई गवाह नहीं हो सकता। गणेश गोदियाल ने यह वीडियो जारी कर एक दिन पहले भाजपा के कुंवर प्रणव चैम्पियन की जारी की गई वीडियो पर पलटवार किया है, जिसमें प्रणव ने गोदियाल पर आरोप लगाये थे, जवाब में गोदियाल ने एक बडा खुलासा कर दिया कि उस पार्टी में मौजूदा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट भी थे। पार्टी में महेंद्र भट्ट भी शामिल थे यह कहीं न कहीं भाजपा के लिए भी एक सिरदर्द बन सकता है और अब गेंद भाजपा के पाले में चली गई है जिस पर अब सबकी नजरें लग गई हैं।
