पुलिस और खुफिया एजेंसियां जांच में जुटी
दोनो न्यायालयों में चप्पे-चप्पे पर बम निरोधक दस्ते ने की चैकिंग
प्रमुख संवाददाता
हरिद्वार/देहरादून। उत्तराखण्ड के उत्तरकाशी और हल्द्वानी न्यायालय को बम से उडाने की धमकी का ई-मेल मिलने के बाद शासन, प्रशासन, पुलिस महकमा और बम निरोधक दस्ते मैदान में जुटे रहे और उन्होंने चप्पे-चप्पे पर तलाशी अभियान चलाया लेकिन यह धमकी सिर्फ एक धमकी ही दिखी क्योंकि पुलिस प्रशासन की चैकिंग में कोई भी ऐसा विस्फोटक नहीं मिला जिससे इस धमकी को बल मिलता। हालांकि पुलिस प्रशासन व खुफिया एजेंसियां इस धमकी के ई-मेल को खंगालने में जुटी हुई हैं वहीं आज हरिद्वार के रोशनाबाद न्यायालय परिसर को बम से उडाने की धमकी मिली तो वहीं राजधानी के न्यायालय को भी बम से उडाने की धमकी का ई-मेल मिलने पर पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने अपनी चौकसी बढाई और न्यायालय परिसर के चप्पे-चप्पे को खंगाला लेकिन यहां पर भी यह धमकी एक दहशत फैलाने से ज्यादा कुछ दिखाई नहीं दी? पुलिस के आला अफसर और खुफिया एजेंसी इस पूरी साजिश को बेनकाब करने के लिए आगे बढ़ी हुई है और यह बात भी उठ रही है कि वो कौन शैतान है जो शासन, पुलिस प्रशासन और खुफिया एजेंसियों को अपनी साजिश से डरा रहा है?
मिली जानकारी के अनुसार रोशनाबाद स्थित न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की धमकी से हड़कंप, ई-मेल के जरिए भेजा गया धमकी भरा संदेश। धमकी में कोर्ट परिसर में आरडीएक्स – आईईडी लगाए जाने का दावा, तय समय का भी किया गया जिक्र जिससे सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर दिखाई दी। सूचना मिलते ही पुलिस, खुफिया एजेंसियां और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा, पूरे परिसर को खाली कराकर सघन चैकिंग अभियान शुरू किया गया। कोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा घेरा बढ़ाया गया, संदिग्ध वस्तुओं की तलाश के लिए हर कोने की तलाशी लेने का दौर शुरू किया गया। वहीं धमकी भरे ई-मेल की तकनीकी जांच शुरू, साइबर सेल भेजने वाले की लोकेशन और नेटवर्क खंगालने में जुटी हुई है। पुलिस कप्तान नवनीत भुल्लर का कहना है कि पुलिस टीमें बम निरोधक दस्ते के साथ न्यायालय परिसर में डेरा डाले हुये हैं और उसने वहां सघन चैकिंग का ऑपरेशन चलाया और आसपास के इलाकों को भी खंगाला जा रहा है।
वहीं राजधानी देहरादून के जिला कोर्ट में बम होने की सूचना से हड़कंप मचा हुआ है बताया जा रहा है कि मेल के जरिए बम से कोर्ट को उड़ने की धमकी दी गई है। जिससे चारों तरफ अफरा तफरी का माहौल है परिसर को खाली कर दिया गया है और डॉग स्क्वायड, बम स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंच कर जांच में जुटी हुई है। कोर्ट परिसर और ज्यूडिशरी के अधिकारी और कर्मचारियों को बाहर निकाल दिया गया है। जैसे ही धमकी का ई-मेल मिला तो पुलिस के आला अफसरों को इसकी जानकारी दी गई जिसके बाद मामले की गम्भीरता को देखते हुए आनन-फानन में पुलिस और बम निरोधक दस्तों ने न्यायालय परिसर के अन्दर व बाहर चैकिंग अभियान चलाया और वहां मौजूद सभी अधिवक्ताओं को सुरक्षा की दृष्टि से बाहर किया गया। पुलिस अधिकारी न्यायालय के अन्दर व बाहर के परिसर की चप्पे-चप्पे पर चैकिंग चलवा रहे हैं जिससे कि किसी बात का कोई खतरा न रहे? हालांकि पुलिस प्रशासन और खुफिया एजेंसियां इस बात को लेकर अपनी जांच को आगे बढ़ा रही है कि आखिरकार वो कौन है जो एक के बाद एक न्यायालयों में ई-मेल भेजकर उसे बम से उडाने की धमकी देने का काम कर रहा है।
