सड़कों पर उतरा कांग्रेसियों का सैलाब

0
48

रैली निकालकर किया लोकभवन कूच , दी गिरफ्तारियां
जमकर तीखी नोंकझोंक, धक्का मुक्की, हंगामा
कांग्रेसियों ने किया लोकभवन कूच
नगर संवाददाता
देहरादून। कांग्रेसियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जबरदस्त नारेबाजी कर ध्वस्त कानून व्यवस्था, बढ़ते अपराध, महिला असुरक्षा, बेरोजगारी और महंगाई जैसे ज्वलंत मुद्दों को लेकर हजारों की संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को सैलाब सड़कों पर उतरा और जहां से उन्होंने लोकभवन कूच कर घेराव किया। वहीं कांग्रेसियों ने खुद ही गिरफ्तारी भी दी।
यहां राजधानी के परेड ग्राउंड से विधायक व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में शुरू हुई रैली जैसे ही हाथीबड़कला के पास पहुंची तो पुलिस ने भारी बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी झड़पें, धक्का मुक्की, जमकर हंगामा हुआ । इस बीच कई कांग्रेस नेता बैरिकेडिंग के ऊपर चढ़ गए, जिन्हें रोकने के लिए पुलिस का प्रयास किया गया लेकिन पुलिस कामयाब नहीं हो पाई।
इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा है कि प्रदेश की भाजपा सरकार की नीतियां जन विरोधी है और दो सप्ताह में अस्थाई राजधानी में पांच हत्याएं हो चुकी है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने प्रदेश की देवतुल्य जनता का आहवान किया है कि आगामी 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार को उखाड़ फेंके। शैलजा ने कहा कि भ्रष्टाचार चरम सीमा पर पहंुच गया है। प्रदेश में शराब, खनन एवं भूमाफिया हावी हो रहे है।
उन्होंने कहा कि महिलाएं पूरे प्रदेश में अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रही है।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि उत्तराखंड आज अपराध और भ्रष्टाचार का केंद्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार कुंभकर्णी नींद सो रही है, और जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। वहीं प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जनहित के इन मुद्दों पर ठोस कदम नहीं उठाए, तो यह आंदोलन ब्लॉक और तहसील स्तर तक जाएगा।
उन्होंने कहा कि अब प्रदेश सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस पूरी तरह से मुखर होकर उग्र आंदोलन चलाएगी।
कार्यक्रम के संयोजक, विधायक व पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने आरोप लगाया कि राज्य में अपराधी बेखौफ हैं और पुलिस प्रशासन केवल सत्ताधारी दल के इशारों पर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य की कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने हाल ही में राजधानी में हुई पांच हत्याओं की वारदातों और लूटपाट की घटनाओं को लेकर सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त है। अपराधी खुले आम घूम रहे है और दिन दहाड़े हत्याएं हो रही है। आर्य ने कहा कि, भाजपा सरकार के कुशासन से मुक्ति पाने के लिए आज एक जन सैलाब देहरादून की सड़कों पर उतरा है।
एआईसीसी सदस्य व पूर्व अध्यक्ष करन माहरा ने कहा है कि राजधानी में दिन दहाड़े हत्याएं हो रही है और कानून व्यवस्था चरमरा गई है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, महंगाई चरम पर है। युवाओं को रोजगार नहीं मिल पा रहा है। माहरा ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में वीआईपी का नाम भाजपा के ही लोगों ने उजागर किया लेकिन आज तक वह पद पर बने हुए है और उन पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष व पूर्व मंत्री डा. हरक सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार चरम सीमा पर पहंुच गया हे।
उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार देने में विफल रही है और पहाड़ों से लगातार पलायन हो रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय दुगनी करने की बात सरकार ने की थी लेकिन यह सभी घोषणाएं हवा हवाई साबित हो गई। उन्होंने कहा कि भर्ती घोटाले और प्रशासनिक भ्रष्टाचार चरम पर पहंुच गया है और सरकार कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पा रही है। इस अवसर पर अनेक वक्ताओं ने संबोधित किया। इस अवसर पर प्रदेश सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, विजय यादव, अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट, शूरवीर सजवाण, सुरेंद्र सिंह नेगी, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, डा. हरक सिंह रावत, प्रीतम सिंह, पूर्व अध्यक्ष करन माहरा, विधायक अनुपमा रावत, काजी निजामुददीन, लखपत बुटोला, ममता राकेश, सी पी सप्पल, प्रदीप टम्टा, भुवन कापड़ी, मदन सिंह बिष्ट, पूर्व विधायक राजकुमार, मनोज रावत, सूर्यकांत धस्माना, लालचन्द शर्मा, ज्योति रौतेला, गरिमा दसौनी, सुनीता प्रकाश, आयेंद्र शर्मा, शिल्पी अरोडा, पूनम पंडित, वीरेन्द्र रावत, सुरेंद्र कुमार, निधि नेगी, आशा मनोरमा डोबरियाल शर्मा, महेश जोशी, संजय किशोर, मोहित उनियाल, प्रवीन त्यागी टीटू, अश्वनी बहुगुणा सहित प्रदेश भर से आए हजारों कार्यकर्ता शामिल रहे।

LEAVE A REPLY