आईजी ने कहा नहीं बचेंगे हमलावर
पुलिस कप्तान ने हमलावरों को खोजने के लिए चलाया ऑपरेशन
सास वीना शर्मा की भूमिका भी संदिग्धः अभिलाषा
प्रमुख संवाददाता
देहरादून। डालनवाला इलाके के तिब्बती मार्केट के बाहर कार मे सवार एक युवक को दो लोगों ने गोली मारकर मौत की नींद सुला दिया इस हत्याकांड की खबर मिलते ही आईजी गढवाल और एसएसपी मौके पर पहुंचे और उन्होंने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद आसपास के लोगों से हमलावरों की जानकारी हासिल की जिसके बाद आईजी ने दो टूक कहा कि हमलावर चाहे जो भी हो वह किसी भी कीमत पर नहीं बच पायेंगे। वहीं पुलिस कप्तान ने हमलावरों को खोज निकालने के लिए खुद ऑपरेशन अपने हाथ मे ले रखा है और चप्पे-चप्पे पर हमलावरों को खोजने के लिए पुलिस टीमें मैदान में उतरी हुई हैं। पुलिस कप्तान को आशा है कि जल्द से जल्द हत्या मे शामिल हमलावरों को खोज निकालेंगे। वहीं मृतक की पत्नी ने पुलिस को जो रिपोर्ट दी है उसमें उन्होंने एक पति-पत्नी व एक डाक्टर पर शक जाहिर किया है कि उसके पति का कई वाद-परिवाद न्यायालय में भी इनके साथ लम्बित हैं और इसमे उसकी सास की भूमिका भी संदिग्ध नजर आती है।
आज सुबह लगभग साढे दस बजे कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा तिब्बती मार्केट के समीप परेड ग्राउंड में अर्जुन शर्मा को गोली मारकर मौत की नींद सुला दिया। इस हत्याकांड से पुलिस महकमे में हडकम्प मच गया और आनन-फानन में आईजी गढवाल राजीव स्वरूप और पुलिस कप्तान अजय सिंह मौके पर पहुंचे तो उन्होंने फारेंसिक टीम को मौके पर जांच के लिए बुलाया। फारेंसिक टीम ने मौके से कुछ साक्ष्य उठाये और उसके बाद आईजी और पुलिस कप्तान ने आसपास के लोगों से इस घटना को लेकर पूछताछ की और उसके बाद शहरभर में नाकाबंदी करके हत्यारों की तलाश में एक बडा ऑपरेशन शुरू किया गया। पुलिस कप्तान ने ऑपरेशन की कमान खुद संभाल रखी है और उनका दो टूक कहना है कि हत्यारों को जल्द से जल्द खोज निकालने के लिए पुलिस टीमें और एसओजी की टीमें अपना ऑपरेशन चला रही हैं। वहीं आईजी गढवाल राजीव स्वरूप भी इस हत्याकांड को लेकर काफी तल्ख दिखे और उन्होंने मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि हमलावर चाहे जो भी हो वह पुलिस की निगाह से नहीं बच पायेंगे और उन्हें खोज निकालने के लिए जनपद के चप्पे-चप्पे पर बडा ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
वहीं मृतक अर्जुन शर्मा की पत्नी अभिलाषा शर्मा ने थाना डालनवाला में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके पति अर्जुन शर्मा को आज सुबह लगभग दस बजे अज्ञात व्यक्तियों द्वारा तिब्बती मार्केट के समीप निकट परेड ग्राउंड में गोली मारकर हत्या कर दी गई जिसकी सूचना घर पर काम कर रहे सुनील ने दी थी। रिपोर्ट में कहा गया है कि उसके पति का पैसों से सम्बन्धित विवाद विनोद उनियाल उसकी पत्नी संगीता उनियाल और एस के मैमोरियल ईसी रोड देहरादून के डाक्टर अजय खन्ना से चल रहा था जिसमें कि कई वाद, परिवाद न्यायालय में भी लम्बित हैं। रिपोर्ट मे कहा गया है कि उक्त लेनदेन उसकी सास वीना शर्मा के द्वारा किया जा रहा था जिसका विरोध उसके पति द्वारा किया जाता था परंतु उसकी सास वीना शर्मा किसी की भी नहीं सुनती थी व हमेशा उसके पति व हमारे विरूद्व ही फर्जी व झूठी कार्यवाहियां करती रहती थी जिस कारण से हमारे घर में बहुत कलेश होता था और हमको अलग से घर पर रहना पड रहा था। रिपोर्ट मे कहा गया कि उसकी सास वीना शर्मा द्वारा विनोद उनियाल, संगीता उनियाल को लगभग पन्द्रह से बीस करोड रूपये दिये जा चुके हैं जिसका कि मुझको अनुमान है दी गई रकम और अधिक हो सकती है। अभिलाषा ने रिपोर्ट में कहा कि हत्या में संदिग्ध व्यक्ति विनोद उनियाल, संगीता उनियाल व अजय खन्ना हैं जिनसे एक सम्पत्ति विवाद चल रहा है जिसका पैसा उसकी सास वीना शर्मा द्वारा लेकर विनोद उनियाल व संगीता उनियाल को दिया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि उक्त घटनाक्रम में उसकी सास वीना शर्मा की भूमिका भी संदिग्ध है।
