हिमाचल रोडवेज की बस में हुआ हादसा
प्रमुख संवाददाता
देहरादून/विकासनगर। हिमाचल रोडवेज की एक बस जो नेरवा से पौंटा साहिब की ओर जा रही थी और जैसे ही वह मीनस मार्ग पर कुवाणु के पास पहुंची तो बस अनियंत्रित होकर सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी जिससे उसमें सवार यात्रियों में हाहाकार मच गया और आसपास के सैकडो लोग मौके पर एकत्र हो गये। खाई मे गिरी बस की खबर मिलते ही एसडीआरएफ के सेना नायक ने आसपास के इलाको मे तैनात एसडीआरएफ की टीमों को मौके पर बचाव व राहत कार्य के लिए भेजा। इस हादसे मे चार यात्रियों की मौत हो गई और एक दर्जन के करीब यात्री गंभीर रूप से घायल हो गये जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल लाया गया। इस हादसे मे बस का चालक भी मौत की नींद सो गया। इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री ने अपना शोक प्रकट किया है। वहीं सभी शवो को खाई से निकालकर उनके शवो का पंचनामा भरा है।
मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह हिमाचल रोडवेज की एक बस एचपी66ए-2588, जो नेरवा से पौंटा की ओर जा रही थी, कुवाणु- मीनस मोटर मार्ग पर बस चालक का बस से नियंत्रण खो गया और उसके बाद बस सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार खाई में बस जैसे ही गिरी तो उसमें सवार यात्रियों में हाहाकार मच गया और उन्होंने बचाव-बचाव का शोर मचाया। इस बस दुर्घटना का आसपास के लोगों को जैसे ही पता चला तो वोे वहां पहुंचे और इसी बीच इसकी सूचना एसडीआरएफ के सेनानायक को मिली तो उन्होंने आनन-फानन में चकराता, त्यूणी एवं डाकपत्थर मे तैनात एसडीआरएफ की टीम को रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए मौके पर रवाना किया। शुरूआती दौर में यह बात सामने आई कि बस में लगभग 35-36 यात्री सवार थे जिनमें से चार यात्रियों की मौत हो गई और उसमें बस का चालक भी शामिल था। हादसे में लगभग एक दर्जन यात्री गंभीर रूप से घायल हुये जिन्हें तत्काल विकासनगर अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया जहां उनका इलाज किया जा रहा है। मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीमों ने सभी मृतकों को खाई से बाहर निकाला। एसडीआरएफ के अनुसार इस दुर्घटना में हिमाचल प्रदेश के नेरवा निवासी यासमीन बेगम, रीचा, धन बहादुर व शिमला निवासी दिनेश कुमार जो कि बस का चालक था सबकी मौत हो गई। इस हादसे की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर अपना दुख प्रकट किया।
