देहरादून(संवाददाता)। राज्य की राजधानी व आसपास के क्षेत्रों सहित पूरे प्रदेश में 77वां गणतंत्र दिवस धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया और सरकारी एवं अद्र्ध सरकारी कार्यालयों, स्कूलों व संस्थानों में ध्वजारोहण किया गया और मिष्ठान्न वितरित किया गया। वहीं स्कूली बच्चों ने विभिन्न क्षेत्रों में प्रभात फेरी निकाली। भारत माता की जय हो व वंदे मातरम के जमकर नारे लगाए गए और जगह जगह चौराहों पर देशभक्ति के गीत गूंजते रहे।
इस अवसर पर मुख्य गणतंत्र दिवस समारोह परेड ग्राउंड में किया गया जहां पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस अवसर पर परेड में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल ने पहला, आईटीबीपी ने दूसरा एवं 14 डोगरा रेजीमेंट ने तीसरा स्थान अर्जित किया, जबकि झांकियों में सूचना विभाग की झांकी ने लगातार तीसरी बार पहला स्थान हासिल किया, वहीं संस्कृत शिक्षा की झांकी ने दूसरा और विद्यालयी शिक्षा की झांकी तीसरे स्थान पर रही।
परेड ग्राउंड में गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह में राज्यपाल सेनि ले. जनरल गुरमीत सिंह ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस अवसर पर आईटीबीपी, सीआरपीएफ, 14 डोगरा रेजीमेंट, उत्तराखंड पुलिस, उत्तराखंड विशेष पुलिस बल महिला, 4०वीं वाहिनी पीएसी महिला, 4०वीं वाहिनी पीएसी पुरूष, उत्तराखंड होमगार्डस के जवान, पुलिस संचार विभाग, पीआरडी के जवान, अग्निशमन एवं आपातकाल, पुलिस के घुडसवार, एनसीसी कैडेट ब्वॉयज एंड गल्र्स एवं सीपीयू के जवानों ने परेड में भाग लिया और अपनी एकता को प्रदर्शित किया और सभी कदम से कदम मिलाकर चल रहे थे। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक दलों के कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध किया। इस दौरान कलाकारों ने छोलिया नृत्य पेश कर सभी को झूमने को विवश कर दिया। हारूल एवं भांगडा नृत्य ने सभी का मन मोह लिया। इस दौरान गढ़वाली गीत पर कलाकारों ने अपनी दमदार प्रस्तुति देते हुए सभी को अपनी ओर आकर्षित किया। इस अवसर पर गुरूनानक महिला इंटर कॉलेज खुड़बुड़ा की छात्राओं ने देशभक्ति के साथ ही साथ विविध रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। वहीं गोर्खा राइफल पाइप बैंड एवं उत्तराखंड महिला पुलिस पाइप बैंड की प्रस्तुतियों ने अपनी शानदार प्रस्तुति दी। इस अवसर पर एसटीएफ के निरीक्षक यशपाल सिंह, भूपेंद्र सिंह मर्तोलिया, देवेंद्र कुमार, सुनील कुमार को राज्यपाल पदक से सम्मानित किया गया। वहीं दूसरी ओर राज्रूपाल उत्कृष्ट सेवा पदक से सुनील रावत, बेस्ट थाने का पुरस्कार ज्वालापुर को उत्कृष्ट ट्राफी प्रदान किया गया, जिसे निरीक्षक कुंदन सिंह राणा ने लिया। डा. नीरज सिंघल, सहायक निर्वाचन अधिकारी मस्तूदास, राकेश सिंह असवाल, अरूण कुमार सिंह को सम्मानित किया गया।
इससे पूर्व परेड ग्राउंड में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, ग्राम्य विकास विभाग की झांकी, वन विभाग, पर्यटन विभाग, महिला सशक्तिकरण विभाग, उद्योग विभाग, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग, विद्यालयी शिक्षा विभाग, संस्कृत शिक्षा, उत्तराखंड अक्षय ऊर्जा अभिकरण बोर्ड उरेडा की प्रस्तुत झांकी ने मनमोहक झांकियां निकालकर दर्शकों को आकर्षित किया। इस दौरान सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की झांकी विशेष आकर्षण का केन्द्र रही जिसमें देवभूमि रजत उत्सव को बखूबी दर्शाया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, राज्य आंदोलनकारियों, शहीदों के परिजनों, पत्रकारों एवं अन्य लोगों से मिले और शॉल ओढाकर सभी को सम्मानित किया। इस अवसर पर राज्यपाल ले. जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाए व बधाई दी। इस अवसर पर गणतंत्र दिवस मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, गीता धामी,, मुख्य सचिव आनंद बर्धन, राजपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक खजानदास, डीजीपी दीपम सेठ, सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी, जिलाधिकारी सविन बसंल, एसएसपी अजय सिंह सहित अनेक अधिकारी एवं जन प्रतिनिधि बडी संख्या में उपस्थित थे।
