उत्तरकाशी। बीजेपी सरकार पर गुमराह करने का आरोप जिला कांग्रेस कमेटी उत्तरकाशी के जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत के नेतृत्व में कांग्रेसजनों द्वारा नगर बाजार बंद कराकर अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर नगर बाजार में जोरदार मार्च निकाला गया। मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीजेपी विरोधी नारे लगाए तथा अंकिता हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग को लेकर आवाज बुलंद की।
इस मौके पर कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. नागेंद्र दत्त जगूड़ी, कमल सिंह रावत, कनकपाल सिंह परमार, मनीष राणा, सुधीश पंवार, पपेंद्र नेगी, दिवाकर भट्ट, भगवान चंद, एडवोकेट अभिषेक जगूड़ी, मनीष पंवार, सभासद सूर्यबल्लभ नौटियाल, अनवीर पंवार, दीपक रावत, हरिओम राणा, सूरज रावत सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में प्रदेश की बीजेपी सरकार जनता को भ्रमित कर रही है। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट रूप से मांग रखी कि इस मामले में सीबीआई जांच अनिवार्य है तथा यह जांच उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की निगरानी में कराई जाए, ताकि निष्पक्ष जांच हो सके और पीड़िता को न्याय मिल सके। कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि अंकिता भंडारी के पिता द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर के आधार पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और दोषियों को किसी भी कीमत पर बचने न दिया जाए।
