अंकिता हत्याकांड को लेकर बवाल

0
102

रुद्रपुर(प्रमुख संवाददाता)। चर्चित अंकिता हत्याकांड की सीबीआई जांच कराने और मामले में शामिल वीआईपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ और यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसियों ने डीएम कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को ध्वस्त करते हुए कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और डीएम कार्यालय के मुख्य गेट तक पहुंच गए, जिससे प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।
आज सुबह नैनीताल हाईवे स्थित एक पेट्रोल पंप पर कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित हुए। यहां से नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में डीएम कार्यालय की ओर रवाना हुए। जैसे ही जुलूस डीएम कार्यालय के मुख्य द्वार पर पहुंचा, पहले से तैनात भारी पुलिस बल ने बैरिकेडिंग लगाकर भीड़ को रोकने का प्रयास किया। हालांकि आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और मुख्य गेट खोलते हुए परिसर में प्रवेश कर लिया। इसके बाद पुलिस ने किसी तरह कार्यकर्ताओं को डीएम कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर रोक दिया। डीएम कार्यालय के गेट पर ही विधायक तिलक राज बेहड़ और यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान धामी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और अंकिता को न्याय दिलाने की मांग दोहराई गई। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही सीओ पंतनगर भी भारी पुलिस बल के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन कांग्रेस नेता अपनी मांगों पर अड़े रहे। करीब एक घंटे तक चले धरना प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से अंकिता हत्याकांड की सीबीआई जांच कराने, मामले में सामने आए वीआईपी के नाम उजागर कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई।
इस मौके पर विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि अंकिता हत्याकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है, लेकिन सरकार इस मामले में लीपापोती कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रभावशाली लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है, जिसे कांग्रेस पार्टी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगी। वहीं यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही धामी सरकार ने सीबीआई जांच की संस्तुति नहीं की और वीआईपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की, तो कांग्रेस प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करेगी। इसके साथ ही सीएम आवास कूच का भी ऐलान किया गया। उन्होंने कहा कि जब तक अंकिता को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक कांग्रेस पार्टी चुप बैठने वाली नहीं है। प्रदर्शन में महानगर अध्यक्ष ममता रानी, महिला कांग्रेस नगर अध्यक्ष मोनिका ढाली, किच्छा पालिकाध्यक्ष दर्शन कोली, साहब सिंह, जीतेश शर्मा, परिमल राय, गौरव खुराना, प्रीति साना, सौरभ राज बेहड़, सौरभ शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कुल मिलाकर अंकिता हत्याकांड को लेकर कांग्रेस का यह प्रदर्शन साफ संकेत देता है कि आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर प्रदेश की राजनीति और अधिक गरमाने वाली है।

LEAVE A REPLY