मौत का सफर

0
97

आस्था पथ पर खत्म हुई जीवनलीला
प्रमुख संवाददाता
देहरादून। उत्तराखण्ड के कुछ पहाड़ी जनपदों में सफर के दौरान होने वाले हादसों में आकाल मृत्यु में समाने वाले लोगों के परिजनोें के मन में हमेशा एक ही दर्द देखने को मिलता आ रहा है कि आखिरकार कब तक पहाडों में आवाम को मौत का सफर तय करना पडेगा? आस्था के पथ पर श्रद्धालुओं को लेकर जा रही बस गहरी खाई में गिर गई जिससे उसमें सवार यात्रियों मंे हाहाकार मचा और उसमें सवार पांच श्रद्धालुओं को मौत मिली। इस दिल दहला देने वाले हादसे को लेकर यह बात उठी कि आस्था के पथ पर पांच इंसानों का सफर खत्म हुआ तो उनके परिजनों के सामने भी एक सवाल खडा हो गया कि उनके अपने तो आस्था पथ पर जा रहे थे तो फिर उन्हें मौत क्यों मिली?
मिली जानकारी के अनुसार टिहरी जिले के नरेन्द्र नगर कुंजापुरी मन्दिर के समीप एक बस दुर्घटना उस समय हुई जब वह खाई में जा गिरी। बस में 29 यात्री सवार थे, जो गुजरात से कुंजापुरी मन्दिर दर्शन के लिए आये हुये थे। आस्था पथ पर एक बार फिर श्रद्धालुओं का यह सफर मौत का सफर बन गया और आस्था में विश्वास रखने वाले पांच इंसानों के जीवन का सफर हमेशा के लिए खत्म हो गया। इस दिल दहला देने वाली घटना का पता चलते ही प्रशासन और पुलिस महकमे की टीमें मौके पर पहुंची। वहीं एसडीआरएफ और पुलिस की टीम भी बचाव व राहत कार्य के लिए मौके पर आई और उन्होंने देखा कि नरेन्द्र नगर के अन्तर्गत कुंजापुरी-हिंडोलाखाल के पास एक बस लगभग 70 मीटर गहरी खाई में गिरी हुई थी। एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने घटनास्थल पर बचाव व राहत का ऑपरेशन इलाके के लोगों के साथ मिलकर शुरू किया और बस से घायलों को निकालने का रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। बताया जा रहा है कि इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई जिनमें चार पुरूष और एक महिला शामिल हैं। हादसे में तीन घायलों को एम्स ऋषिकेश अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया तो वहीं चार घायलों को नरेन्द्र नगर के श्रीदेव सुमन उप जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया तो वहीं सत्रह लोग सामान्य बताये गये जिन्हें मामूली चोटें थी उन्हें भी अस्पताल पहुंचाया गया। इस दिल दहला देने वाले हादसे ने एक बार फिर यह सवाल खडे कर दिये कि आखिरकार पहाड़ों की सड़कों पर कब तक श्रद्धालुओं व यात्रियों को मौत का सफर तय करना पडेगा? वहीं इस हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपना दुख प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि टिहरी के नरेन्द्र नगर कुंजापुरी मन्दिर के समीप हुई दुर्घटना का सामाचार अत्यंत दुखद है, ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों को श्रीचरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

LEAVE A REPLY