तबाह हो गये आशियाने

0
72

रोते-बिलखते लोगों के मन में सवाल कहां जायें सरकार
अवैध मदरसे पर भी चला बुल्डोजर
विकासनगर(संवाददाता)। राजधानी के पछुवादून में डाकपत्थर से कुल्हाल तक शक्ति नहर के किनारे एक दशक से अपने आशियाने बनाकर रहने वाले सैकडों लोगों को इस बात का इल्म ही नहीं था कि सर्द हवाओं के बीच उनके आशियानों को उजाडने के लिए सरकार और सिस्टम बुल्डोजर लेकर वहां धमक पडेगा। पुलिस और पीएससी की मौजूदगी में बुल्डोजरों ने जब सैकडों लोगों के आशियानों पर बरसना शुरू किया तो अपने आशियाने तबाह देख महिलायें बुजुर्ग, बच्चे भी अपने सपनों का महल जमीदोज होते हुए विलाप कर सरकार और सिस्टम को खूब कोसते रहे और यहां तक दहाड लगाई कि सिस्टम एक तरफा कार्यवाही करने के लिए अपनी जिद पर अडा हुआ है। सर्द हवाओं में जिनके आशियाने टूटे वह कहां और किसके पास आसरा लें यह उनकी समझ मे ही नहीं आ रहा था और दर्जनों लोगों के मन में यह आक्रोश था कि प्रशासन ने दो दिन पहले उन्हें नोटिस दिया और अचानक आकर उनके आशियाने तोडने शुरू कर दिये जिसके चलते वह अपने आशियानों में रखे सामान तक को बाहर नहीं निकाल पाये। आज सुबह से एक बार फिर पुलिस और पीएससी की देखरेख में प्रशासन का बुल्डोजर अवैध आशियानों पर चलता हुआ नजर आया और उस नजारे को देखकर वहां विरोध के स्वर भी उठे लेकिन बडी संख्या में खाकी की मौजूदगी से वह कुछ नहीं कर पाये और अपने सामने अपने एक दशक पुराने आशियाने को तबाह होते देख उनकी आंखों से आंसू रूकने का नाम नहीं ले रहे थे। सिस्टम का बुल्डोजर आशियानों पर जब चल रहा था तो वहां काफी संख्या में मौजूद लोगों का कहना था कि सरकार को इतना निर्दयी नहीं होना चाहिए कि वह किसी को बसाये बिना उनके आशियाने उजाडने के लिए आगे आ जायें। सरकारी भूमि पर बने एक अवैध मदरसे पर भी सरकार का बुल्डोजर चला और सिस्टम के इस विकराल रूप का अक्स सोशल मीडिया पर भी खूब देखने को मिल रहा है जिससे लोगों के मन में एक नाराजगी भी दिखाई दे रही है कि आखिर सैकडों परिवार कहां जाये जिनके एक दशक पुराने आशियानों को सिस्टम ने तबाह कर दिया।
आज सुबह एक बार फिर जिला प्रशासन और पुलिस, पीएससी के सैकडों जवान अवैध निर्माण तोडने के लिए मौके पर डट गये थे और उनकी इस संख्या बल को देखकर वहां मौजूद ग्रामीणों के मन में एक डर था कि अगर उन्होंने अपने आशियाने तोडने का विरोध किया तो उनके खिलाफ सिस्टम कार्यवाही कर देगा। हालांकि जब ग्रामीणों के आशियानों को जमीदोज किया जा रहा था तो काफी ग्रामीण उसका विरोध करते हुए भी दिखाई दिये और उनकी आंखो में आंसू थे कि आखिरकार वह सत्तर साल से जहां अपना आशियाना बनाकर रह रहे थे उस आशियाने को मात्र चंद मिनटो में ही सिस्टम के लोगों ने तबाह कर दिया। इलाके में सरकारी भूमि पर एक अवैध मदरसा भी बना हुआ था जिसे तोडने के लिए प्रशासन ने अपने कदम आगे बढाये और उसके बाद बुल्डोजर ने उस अवैध मदरसे को भी नेस्तनाबूत कर दिया जो वहां वर्षों से बना हुआ था।
उल्लेखनीय है कि डाकपत्थर से कुलहाल तक शक्ति नहर किनारे नरअदस की भूमि पर काबिज अतिक्रमणकारियों पर गरजा बुल्डोजर, इलाके में भारी पुलिस फोर्स तैनात, ढ़करानी में ग्रामीणो ने बुल्डोजर को घेरा, मकान ध्वस्तीकरण के दौरान छत पर चढ़े बुजुर्ग को पुलिस ने जेसीबी की मदद से नीचे उतारा था और उसके बाद प्रशासन ने अपनी कार्यवाही कर वहां सैकडो आशियानों पर बुल्डोजर चलाकर उन्हें तबाह कर दिया था। विकासनगर में शक्ति नहर किनारे बसे 6 गांवो में उस वक्त हड़कंप मच गया जब उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड की जमीन पर वर्षों से कब्जा जमाए बैठे अतिक्रमणकारियों को हटाने के लिए बुलडोजर और भारी पुलिस बल लेकर प्रशासन पूरी सख्ती के साथ मैदान में उतरा हुआ है। जिसके बाद ढालीपुर से शुरू हुई ध्वस्तीकरण कार्रवाई के बीच कई बुलडोजर एक साथ गरजने लगे। बता दें कि जैसे ही पहला बुलडोजर अवैध निर्माण पर पड़ा, पूरे इलाके में हड़कंप के साथ  अफरा-तफरी मच गई लोग रोते बिलखते समान समेटने लगे जबकी इस दौरान इलाके मे उस वक्त माहौल तनावपूर्ण हो गया जब प्रशासन का बुल्डोजर मुस्लिम बाहुल्य गांव ढकरानी पहुंचा जहां मुस्लिम ग्रामीणो की भीड़ ने बुल्डोजर को इस तरह घेर लिया की ताबड़तोड़ गरजने वाला बुल्डोजर भीड़ के आगे बेबस होकर थम गया हालांकि घंटे भर बाद पुलिस मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी कर किसी तरह ध्वस्तीकरण की कार्यवाही फिर शुरू की गई लेकिन इस दौरान एक बुजुर्ग ध्वस्त होते अपने मकान की छत पर चढ़ गए जिन्हें ध्वस्तीकरण से पहले पुलिस के जवानों द्वारा जेसीबी मशीन की सहायता से नीचे उतारा जिसके बाद एक बार फिर बुल्डोजर कार्यवाही दोगुनी तेजी से होने लगी। आज सुबह से एक बार फिर जिला व पुलिस प्रशासन ने अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने का सिलसिला शुरू किया और अपने आशियाने टूटते देख लोगों की आंखों में आंसू थे लेकिन सिस्टम के अलर्ट होने के चलते वह सरकार और सिस्टम को सिर्फ कोसते हुए ही नजर आये।

LEAVE A REPLY