तेरे जैसा यार कहां…
राजनीति के महापंडितों का मिलन
प्रमुख संवाददाता
देहरादून। उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री देश के प्रधानमंत्री की टीम के वो चमकते सितारे बन चुके हैं जिन्हें हर चुनाव में आक्रामक प्रचार के लिए राज्यों में भेजा जाता है। बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर आज भाजपा के दिग्गज महापंडितों का मिलन बिहार में हुआ और वहां चुनाव जीतने के लिए एक बडी रणनीति के साथ बंद कमरे में उत्तर प्रदेश, उत्तराखण्ड और दिल्ली के बडे राजनेता एक साथ बैठे और उन्होंने बिहार में विपक्ष को अपने आक्रामक प्रचार से चारो खाने चित करने का महामंथन किया। वहीं उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री और उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री का बिहार की धरती पर हुआ सुन्दर मिलन देखकर हर कोई हैरान रह गया और कहीं न कहीं दोनो राजनेता एक ही गीत मन में जरूर गुनगुना गये कि तेरे जैसा यार कहां…। बिहार की धरती पर दो बडे राजनेताओं का मिलन उत्तराखण्ड के उन राजनेताओं में जरूर एक बडी बेचैनी पैदा कर गया जो राज्य के मुख्यमंत्री को एक लम्बे दशक से अपनी रडार पर लेने के लिए कोई न कोई साजिश का ऐसा चक्रव्यूह रच रहे हैं जो उत्तराखण्ड जैसे शांत राज्य के लिए घातक ही माना जा रहा है।
बिहार में चुनाव का बिगुल बज चुका है और दिल्ली में भाजपा के तमाम दिग्गज राजनेताओं ने बिहार का चुनावी रण जीतने के लिए बडी रणनीति बना रखी है। राजनीति के चाणक्य माने जाने वाले देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने बिहार चुनाव में कमल खिलाने के लिए एक बडा महामंथन कर अपने तेज तर्रार राजनेताओं को बिहार में प्रचार प्रसार की कमान सौंप दी है और आज जब बिहार में राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहुंचे तो उनका वहां जोरदार स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मोर्या की दिल अजीज मुलाकात का दृश्य देखकर हर कोई हैरान हो गया कि दोनो राजनेता एक दूसरे से याराना निभाते हुए मिल रहे हैं। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मोर्या ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जिस दिल अजीज भाव से उन्हें अपने गले से लगाया वह दृश्य देखते ही बनता था और कहीं न कहीं दोनो राजनेता एक ही सुर मे यही गीत जरूर गुनगुना गये होंगे कि तेरे जैसा यार कहां। बिहार की धरती पर भाजपा के बडे-बडे राजनेताओं का मिलन हुआ और उन्होंने एक साथ बंद कमरे में बिहार चुनाव में विपक्ष को चारो खाने चित करने के लिए जो फार्मूला बनाया है उससे भाजपा को विश्वास है कि एक बार फिर बिहार में कमल खिलेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने साफ कहा कि एक लम्बे दशक से देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल में देश एक नई उडान पर उड चला है और बिहार में पांच साल तक भाजपा ने विकास की जो नई बयार बहाई है उससे आज बिहार में हर तरफ विकास नजर आ रहा है। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकास से बिहार के युवाओं में चुनाव को लेकर एक बडा उत्साह देखने को मिल रहा है और उनके इस जज्बे को देखकर साफ नजर आ रहा है कि बिहार की जनता एक बार फिर राज्य के अन्दर कमल खिलाने के लिए तैयार है।

