दशहरे पर…. बेरोजगारों को सीबीआई का तोहफा त्रिवेंद्र के यहां दिवाली

0
89

प्रमुख संवाददाता
देहरादून। उत्तराखण्ड में हुई राज्य स्तरीय परीक्षा का पेपर लीक होने का शोर एक बडा तूफान मचा गया और इस तूफान से सरकार और सिस्टम में भी एक बडी घबराहट देखने को इसलिए मिली क्योंकि राज्य के अधिकांश जिलों में पेपर लीक को लेकर बेरोजगार छात्रों का हुजूम सीबीआई जांच की मांग को लेकर इस कदर अडिग रहा कि उसने सरकार द्वारा कराई जा रही एसआईटी जांच को मानने से ही खारिज कर दिया था। पेपर लीक मामले की सीबीआई जांच कराने को लेकर भाजपा सांसद त्रिवेंद्र रावत ने सीएम से सीबीआई जांच कराने की मांग की तो वहीं कांग्रेस के आधा दर्जन विधायकों ने पेपर लीक मामले का सच सामने लाने के लिए सीबीआई जांच को लेकर मुख्यमंत्री को खत लिखा। मुख्यमंत्री ने बडा दिल करते हुए राजधानी में बेरोजगार छात्रों के आंदोलन में अपनी एंट्री करके उन्हें अपने मन की बात बताई और उन्होंने वहीं लिखित में पेपर लीक मामले की सीबीआई जांच कराने का वायदा कर दिया जिसके बाद दशहरे पर मुख्यमंत्री ने बेरोजगारों को सीबीआई जांच का तोहफा दिया तो वहीं भाजपा सांसद के घर पर भव्य रूप में दिवाली की तरह पटाखे चलाकर त्रिवेंद्र रावत का ऐसे स्वागत किया गया मानो उन्हांेने राज्य के अन्दर कोई बडी जंग जीत ली हो?
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बडा दिल करते हुए बेरोजगार छात्रों को दशहरे से पहले पेपर लीक मामले में सीबीआई जांच कराने का लिखित में भरोसा देकर आंदोलन को खत्म कराया लेकिन भाजपा के छोटे से लेकर बडे राजनेताओं ने मुख्यमंत्री के इस मास्टर स्ट्रोक को लेकर कहीं कोई जश्न मनाने के लिए अपने आपको आगे नहीं किया। वहीं जैसे ही मुख्यमंत्री पुष्कर ंिसह धामी ने बेरोजगारों के आंदोलन के बीच में जाकर पेपर लीक मामले की सीबीआई जांच करने का वायदा किया तो उसके बाद भाजपा सांसद त्रिवेन्द्र रावत के घर पर एक बडा जश्न मनता हुआ देखा गया और वहां जिस अंदाज में दिवाली की तरह पटाखे जलने की बारिश हो रही थी उसे देखकर हर कोई यह सोचने के लिए मजबूर हो रखा था कि आखिरकार सीबीआई जांच को लेकर त्रिवेंद्र रावत के घर पर दिवाली जैसा माहौल क्यों है? हैरानी वाली बात तो यह है कि जब डोईवाला में भाजपा सांसद त्रिवेंद्र रावत ने अपने कदम आगे बढाये तो चप्पे-चप्पे पर उनका फूल मालायें पहनाकर गर्मजोशी के साथ स्वागत करने वालों की एक बडी भीड़ उमडी हुई थी और यह दृश्य देखकर राजनीतिक पंडित भी अपनी अंकगणित लगाकर यह कहने से नहीं चूक रहे थे कि पिछले काफी समय से त्रिवेंद्र रावत एक नये अंदाज में राजनीति करते हुए आगे बढ़ रहे हैं। भाजपा सांसद त्रिवेंद्र रावत का डोईवाला में फूल मालायें पहनाकर और उन्हें लड्डू खिलाकर जैसे स्वागत किया जा रहा था वह कई सवालों को जन्म दे गया और यह बात उठी कि दशहरे पर भले ही मुख्यमंत्री ने बेरोजगारों को सीबीआई जांच का तोहफा दिया हो लेकिन दिवाली जैसा जश्न तो सांसद के घर से लेकर सड़क पर उनके लिए मनाया जा रहा था।

LEAVE A REPLY