तीन अक्टूबर को कांग्रेस करेगी मुख्यमंत्री आवास का घेराव

0
97

कांग्रेसियों ने जोरदार नारेबाजी के बीच गांधी पार्क में दिया धरना
देहरादून(नगर संवाददाता)। उत्तराखंड में विगत रविवार को संपन्न हुई यूकेएसएसएससी परीक्षा पेपर लीक मामले पर भाजपा सरकार पर हमलावर प्रदेश कांग्रेस ने अपने आंदोलन को धार देते हुए आज पूरे प्रदेश के जिला मुख्यालयों पर धरने आयोजित कर जिलाधिकारियों के माध्यम से राज्यपाल लेफ्टीनेंट जनरल गुरमीत सिंह सेनि को ज्ञापन भेज कर पेपर लीक कांड की जांच हाई कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में सीबीआई से करवाने की मांग की। यहां गांधी पार्क के बाहर प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में धरने में बैठे कांग्रेसजनों से मुद्दे पर सरकार से आर पार की लड़ाई लडऩे का आहवान करते हुए ऐलान कर दिया कि अगर तत्काल राज्य सरकार पेपर लीक कांड की जांच हाई कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में सीबीआई से नहीं कराती तो कांग्रेस कार्यकर्ता आने वाली तीन अक्टूबर को हजारों की संख्या में मुख्यमंत्री आवास कूच कर मुख्यमंत्री आवास का घिराव करेंगे।
इस दौरान करन माहरा ने आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य की सरकार व भाजपा के संरक्षण में पेपर लीक माफिया फल फूल रहा है और बेरोजगारी की मार झेल रहा प्रदेश का युवा बेरोजगारों उसकी मार झेल रहा है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कैसे प्रदेश में सरकार के दावे के अनुसार सख्त नकल विरोधी कानून के होते हुए यूकेएसएसएससी परीक्षा पेपर लीक हो गया। उन्होंने कहा कि या तो कानून वीक है या सरकार वीक है जिसके कारण पेपर लीक है या प्रदेश की सरकार और सत्ताधारी दल के लोग इस पूरे पेपर लीक प्रकरण में लिप्त हैं। उन्होंने कहा कि जिसके कारण कानून सरकार पुलिस किसी का भी खौफ इन नकल माफियाओं के मन में नहीं है। माहरा ने कहा कि अब प्रदेश के नौजवान की पीड़ा असहनीय हो गई है और उसे दूर करने का एक मात्र तरीका इस निकम्मी और भ्रष्ट सरकार से छुटकारा पाना एक रास्ता बचा है। उन्होंने प्रदेश भर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बड़ी संख्या में तीन अक्टूबर को देहरादून पार्टी मुख्यालय मुख्यमंत्री आवास घिराव के लिए पहुंचे। धरने के संयोजक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना ने अपने संबोधन में जम कर भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य में हर मामले का जिसका समाधान राज्य सरकार के पास नहीं होता उसका सांप्रदायीकरण भाजपा करती है। धस्माना ने कहा कि अतिक्रमण के मामलों को लैंड जिहाद, लव जिहाद, थूक जिहाद और अब पेपर लीक मामले को नकल जिहाद का नाम देना यह साबित करता है कि भाजपा सरकार व भाजपा पार्टी जिहाद शब्द का इस्तेमाल कर युवा बेरोजगारों के आंदोलन को सांप्रदायिक आधार पर तोडऩा भी चाहती हैं और बदनाम भी करना चाहती है। उन्होंने कहा कि अब पानी सर से ऊपर गुजरने लगा है और इस यूके ट्रिपल एससी परीक्षा पेपर लीक ने तो साबित कर दिया है कि प्रदेश में इस सरकार के रहते कोई परीक्षा पारदर्शी हो ही नहीं सकती क्योंकि पेपर लीक में जिनका हाथ था और आज भी है वो चाहे हाकम सिंह हो या संजय धारीवाल या फिर धर्मेंद्र सिंह चौहान सभी भाजपा के लोग हैं और उनको पूरा संरक्षण सरकार व सत्ताधारी दल का है। धरने को पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट ने संबोधित करते हुए पार्टी अध्यक्ष करन माहरा को इस मुद्दे पर लगातार लड़ाई लडऩे के लिए बधाई दी। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉक्टर जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि महानगर कांग्रेस प्रदेश नेतृत्व के आदेशों का पालन करते हुए पेपर लीक मुद्दे पर रोजाना सड़कों पर सरकार का विरोध कर रही है। कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग अध्यक्ष मदन लाल ने कहा कि युवाओं को धर्म जाती के आधार पर बांटने वाली भाजपा अब पेपर लीक जैसे संवेदनशील मामले में भी धार्मिक ध्रुवीकरण की कोशिश कर रही है जिसे कांग्रेस सफल नहीं होने देंगे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री जगदीश धीमान व प्रदेश श्रम प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश कौशल ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्युश सिंह को ज्ञापन सौंपा। धरने में पूर्व मंत्री नवप्रभात, पूर्व विधायक ओम गोपाल रावत, पूर्व सैनिक विभाग अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी, कांग्रेस श्रम प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश कौशल, कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग अध्यक्ष विकास नेगी, अनुसूचित जाति विभाग अध्यक्ष मदन लाल, प्रदेश महामंत्री नवीन जोशी, डॉ. प्रतिमा सिंह, शिवानी थपलियाल, मंजू त्रिपाठी, वीरेंद्र पोखरियाल, देवेंद्र कुमार, श्री लखी राम बिजलवान आदि कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY