देहरादून(संवाददाता)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा की जयंती के अवसर पर घण्टाघर स्थित हेमवती नंदन बहुगुणा की मूर्ति पर माल्यार्पण कर उनका भावपूर्ण स्मरण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा ने राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में अनेक कीर्तिमान स्थापित किये। उन्होंने कहा कि उनका जीवन बहुत संघर्षमय था, लेकिन वह हिमालय की तरह अडिग थे। उन्होंने कहा कि उनका पर्वतीय क्षेत्रों के समग्र विकास का एक स्पष्ट विजन और चिंतन था। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें अपनी संस्कृति और सभ्यता से गहरा लगाव था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विलक्षण प्रतिभा और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता के बल पर उन्होंने भारतीय राजनीति में एक विशिष्ट पहचान बनाई। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, मेयर सौरभ थपलियाल ने भी स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा की मूर्ति पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनका भावपूर्ण स्मरण किया।