देहरादून(नगर संवाददाता)। भाजपा घोषणा पत्र समिति के संयोजक व सांसद डा. रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा है कि भाजपा सरकार मिशन मोड में राज्य के प्रत्येक जिले में भूमि पर अवैध कब्जा होने के कारण हो रहे भू एवं जन साख्यिकीय परिवर्तन से संबंधित विषयों की जांच एवं समाधान के लिए एक अधिकार प्राप्त समिति का गठन करेगी। सुरक्षित देवभूमि के लिए दृष्टि पत्र में सभी वर्ग के लोगों का ध्यान रखा गया है और खासकर महिलाओं को एक वर्ष में तीन गैस सिलेंडर मुफ्त में दिये जायेंगें।
यहां राजपुर रोड स्थित एक होटल में दृष्टि पत्र पर विस्तार से अपनी बात रखते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए उल्लेखनीय कार्य किये जायेंगें और जनरल विपिन रावत पूर्व सैनिक क्रेडिट गारंटी फंड ट्रस्ट की स्थापना करेगी और इस प्रकार पांच लाख रूपये तक के ऋण के लिए 5० प्रतिशत की सीमा तक गारंटीकृत कवर प्रदान करेगी और सैन्य धाम का निर्माण पूरा करेगी। कृषि के क्षेत्र में किसान सम्मान निधि योजना के साथ साथ सीएम किसान प्रोत्साहन निधि की शुरूआत की जायेगी और किसानों को दो हजार रूपये प्रतिवर्ष दी जायेगी।
उन्होंने कहा कि डेयरी सहकारी समितियों की स्थापना के लिए 5०० करोड की रूपये की कोष निधि का गठन करेगी और कृषि गोदाम और कोल्ड स्टोरेज सुविधायें के निर्माण व निवेश करने के लिए 1०० करोड रूपये का कोष भी स्थापित करेगी। उन्होंने कहा कि भाषा संस्कृति, महिलाओं को आत्म निर्भर बनाने के लिए हरसंभव कार्य किया जायेगा और निर्धन परिवारों की महिला मुखिया को प्रोत्साहन राशि प्रदान की जायेगी और स्वास्थ्य के क्षेत्र में व्यापक कार्य किया जायेगा और राज्य के हर जिले में मेडिकल कालेज और कुमायूं में एम्स का एक सेटेलाइट केन्द्र स्थापित करेगी, जन औषधि केन्द्रों की संख्या में बएोत्तरी की जायेगी।
उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचा, शिक्षा, युवा रोजगार और खेल, पर्यटन के क्षेत्र में व्यापक स्तर पर काम किया जायेगा और मिशन उत्कृष्ट देवभूमि शुरू किया जायेगा। उन्होंने कहा कि उद्योग एवं अर्थव्यवस्था, निर्धनों का कल्याण, कानून एवं व्यवस्था सहित अन्य कार्यों बेहतर कार्य किया जायेगा।
