देहरादून(संवाददाता)। लोक निर्माण विभाग में कार्यरत आऊटसोर्सिंग कर्मचारियों ने नियुक्ति सहित अनेकों मांग को लेकर नारेबाजी के बीच प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री आवास कूच किया और पुलिस ने हाथीबड़कला पुलिस चौकी के पास सभी को बैरीकैडिंग लगाकर रोक लिया।
यहां लोक निर्माण विभाग में कार्यरत आऊटसोर्सिंग कर्मचारी बड़ी संख्या में परेड ग्राउंड में इकटठा हुए और वहां से नियुक्ति की मांग को लेकर नारेबाजी के बीच प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री आवास कूच किया और पुलिस ने हाथीबड़कला पुलिस चौकी के पास सभी को बैरीकैडिंग लगाकर रोक लिया और इस बीच पुलिस व प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोंकझोंक व धक्का मुक्की होने के बाद सभी वहीं धरने पर बैठ गये और नारेबाजी करने लगे।
इस अवसर पर कर्मचारियों ने कहा कि विभाग में निम्न स्तरीय कर्मचारी बेलदार, मेट व सुपरवाइजरों को कार्य पर नहीं रखा जा रहा है जिससे उनमें आक्रोश है और कहा कि आचार संहिता लगने से पहले ही उनकी मांगों का समाधान किया जाये अन्यथा आंदोलन को तेज किया जायेगा। उनका कहना है कि आज तक उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया है जो चिंताजनक है और लगातार पूर्व में आश्वासन मिले लेकिन उन पर किसी भी प्रकार की कोई कार्यवाही नहीं हो पाई है। इस अवसर पर अनेक वक्ताओं ने संबोधित किया और कहा कि राज्य सरकार उनकी मांगों को तत्काल प्रभाव से हल करें। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित कर उचित कार्यवाही किये जाने की मांग की गई। ताकि वह अपनी आजीविका को सही ढंग से चला सके। इस अवसर पर लोनिवि के प्रदेश भर से आये हुए आऊट सोर्सिंग कर्मचारी शामिल रहे।
