बेरोजगारों ने किया मुख्यमंत्री आवास कूच

0
129

देहरादून(संवाददाता)। देवभूमि बेरोजगार मंच से जुडे हुए बेरोजगारों ने पिछले सात साल से उत्तराखंड में कांस्टेबल और दरोगा की विज्ञप्ति में आयु सीमा बढ़ाये जाने सहित अनेक मांगों को लेकर राजधानी में रैली निकालकर मुख्यमंत्री आवास कूच किया लेकिन पुलिस ने हाथीबडकला पुलिस चौकी के पास बैरीकैडिंग लगाकर रोक लिया।
यहां मंच से जुडे हुए बेरोजगार अध्यक्ष राम कंडवाल के नेतृत्व में राजधानी में इकटठा हुए और अपनी मांगों को लेकर वहां से नारेबाजी करते हुए रैली के रूप में मुख्यमंत्री आवास कूच किया लेकिन पुलिस ने हाथीबडकला पुलिस चौकी के पास बैरीकैडिंग लगाकर रोक लिया और इस बीच पुलिस व बेरोजगारों में नोंकझोंक व धक्का मुक्की होने के बाद सभी वहीं धरने पर बैठ गये। इस अवसर पर बेरोजगारों ने कहा कि लगातार उन्हें छलने का काम किया जा रहा है जिसे किसी भी दशा में सहन नहीं किया जायेगा। बेरोजगारों ने कहा कि सात साल से कांस्टेबल और दरोगा की विज्ञप्ति में आयु सीमा बढ़ाये जाने की आवश्यकता है और जो युवा आयु पार चुके है जिससे उन्हें इस भर्ती में मौका मिल सके और लगातार कई बार आंदोलन, प्रदर्शन तथा ज्ञापन दिये जाने के बाद भी किसी भी प्रकार की कोई कार्यवाही आज तक नहीं हो पाई है और मांगों को अनदेखा किया जा रहा है जो चिंता का विषय है।
बेरोजगारों ने कहा कि इन भर्तियों के लिए अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को निर्देशित किया जाये और उम्र सीमा 18 से 28 वर्ष करने का भी प्रस्ताव पास किया जाये क्योंकि कई की उम्र पार हो गई है और आचार संहिता से पहले उत्तराखंड के बेरोजगार यह फार्म भर सके और युवाओं को अपने सपने सच करने का मौका मिलेगा। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया गया और कार्यवाही किये जाने की मांग की गई। इस अवसर पर अनेकों बेरोजगार शामिल रहे।

LEAVE A REPLY