आप का दामन छोड अनंतराम हुये कांग्रेसी

0
151

मात्र चौदह माह में ही आप से हो गया मोहभंग
विकासनगर(मनोज सैनी)। उत्तराखण्ड में आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल सरकार बनाने का सपना देख रहे हैं और दावा कर रहे हैं कि उनकी सरकार आते ही राज्य से भ्रष्टाचार का खात्मा हो जायेगा लेकिन मात्र एक साल पूर्व आम आदमी पार्टी का दामन थामने वाले उत्तराखण्ड पुलिस के सेवानिवृत्त आईजी ने आम आदमी पार्टी को विधानसभा चुनाव से पूर्व बॉय-बॉय कहकर जिस तरह से कांग्रेस का दामन थामा है उससे आम आदमी पार्टी को एक बडा झटका लगा है और सवाल उठ रहे हैं कि क्या आम आदमी पार्टी में अभी से ही वर्चस्व की लडाई पर्दे के पीछे से चल रही है जिसके चलते आम आदमी पार्टी में शामिल हुये सेवानिवृत्त पुलिस अफसर ने कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी के सामने कांग्रेस में अपनी एंट्री करा ली जिससे विकासनगर से कांग्रेसी विधायक नवप्रभात को एक बडी ताकत मिली है।
उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड पुलिस से रिटायर्ड पूर्व आईजी अनंतराम चौहान का महज 14 माह में आम आदमी पार्टी से मोहभंग हो गया। उन्होंने रविवार को दिल्ली में कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी, उत्तराखंड प्रभारी देवेंद्र यादव की मौजूदगी में कांग्रेस का हाथ थाम लिया। पूर्व आईजी को आम आदमी पार्टी ने गढ़वाल मंडल का अध्यक्ष बनाया था। उनके कांग्रेस में शामिल होने से आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। पूर्व आईजी अनंतराम चौहान कुछ समय से आप में असहज महसूस कर रहे थे। प्रवीण बंसल को विकासनगर विधान सभा का प्रभारी बनाए जाने से उनमें गहरी नाराजगी थी। पार्टी में लगातार उनकी उपेक्षा की जा रही थी। जिसके चलते वे कांग्रेस के संपर्क में थे। उन्हें कांग्रेस ज्वाइन कराने में पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात ने अहम भूमिका निभाई पूर्व आईजी अनंतराम चौहान ने कहा कि जिन लोगों ने पार्टी को प्रदेश में खड़ा करने के लिए धन और श्रम लगाया, वे आज हाशिए पर हैं। वे केजरीवाल की नीतियों से प्रभावित होकर आप में आए थे, लेकिन पार्टी को दिल्ली वाले लोग चला रहे हैं। सिर्फ नाम के लिए उन्हें पद दिया गया था। पार्टी में उन्हें कोई तवज्जो नहीं मिल रही थी। दिल्ली से आई टीम स्थानीय नेताओं से सलाह तक नहीं लेती। पार्टी में सब जगह फर्जीवाड़ा है। उन्होंने कहा कि वे चकराता, विकासनगर और सहसपुर में कांग्रेस को मजबूत करने का काम करेंगे। उत्तराखण्ड के पूर्व आईजी अनंतराम चौहान ने जिस तरह से आम आदमी पार्टी का दामन छोडकर कांग्रेस का दामन प्रियंका गांधी के सामने थामा है उससे पछवादून में भाजपा व आम आदमी पार्टी को एक बडा झटका माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY