देहरादून(नगर संवाददाता)। मुख्य चुनाव आयुक्त भारत सरकार सुशील चन्द्र ने कहा है कि प्रदेश में आगामी होने वाले विधानसभा चुनाव में प्रदेश में कोविड सेफ पोलिंग बूथ बनाए जाएंगें। उन्होंने कहा कि पोलिंग बूथों पर अब 8 बजे से 5 बजे के स्थान पर 8 बजे से 6 बजे तक मतदान होंगें।
यहां सचिवालय में पत्रकारों से रूबरू होते हुए उन्होंने कहा कि सभी पोलिंग बूथों पर हैंड सेनीटाइजर की व्यवस्था के साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जाएगा और इंफोर्समेंट संबंधी सभी विभागों को अलर्ट किया गया है। उन्होंने कहा कि अगर कहीं भी कोई लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी के ऊपर कार्रवाई की जाएगी। सभी मतदाताओं से निर्वाचन आयोग ने सहयोग मांगा है। उन्होंने कहा कि सी-विजिल ऐप के जरिए आम जनता भी शिकायत कर सकेंगें ओर सिर्फ 1०० मिनट के अंदर कार्यवाही होगी और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए निर्वाचन आयोग प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आपराधिक पृष्ठभूमि वाले उम्मीदवारों को अपनी जानकारी जनता के सम्मुख उपलब्ध कराना होगा। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर निगरानी रखने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि साल 2०17 में हुए विधानसभा चुनाव में 65.56 फीसदी मतदान हुआ था। उन्होंने कहा कि मतदान करने से लोकतांत्रिक प्रणाली को मजबूती मिलती है। उन्होंने कहा कि पहले एक बूथ पर 15०० मतदाता थे लेकिन अब हर बूथ पर 12०० मतदाता मतदान कर पाएंगे। प्रदेश भर में 11447 मतदान बूथ केंद्र बनाए गए हैं। सभी पोलिंग बूथों पर बैठने और पानी पीने के साथ ही शौचालय की व्यवस्था कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि लगभग 6० फीसदी पोलिंग बूथों की वेबकास्टिंग होगी। यानी करीब 7 हजार से अधिक पोलिंग बूथों की वेबकास्टिंग होगी। 1०० पोलिंग बूथ पूरी तरह से महिलाओं द्वारा संचालित किया जाएगा और 8० साल से अधिक उम्र के बुजुर्ग लोगों के लिए पोस्टल बैलट की सुविधा उपलब्ध होगी जिसके तहत निर्वाचन आयोग की टीम उनके घर जाकर वोट लेगी। इस दौरान पॉलिटिकल पार्टी के साथ ही इसकी वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य में 15० मॉडल पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सभी पोलिंग बूथों पर ईवीएम के साथ वीवीपैट का इस्तेमाल होगा। उन्होंने कहा कि चुनाव के मद्देनजर आयुक्त अपने प्रयास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगा ताकि सेफ वातावरण में अच्छी तरह से चुनाव संपन्न कराया जा सके।
