देहरादून(संवाददाता)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चार दिसम्बर को प्रस्तावित रैली की तैयारियों का जायजा लेने परेड ग्राउंड पहुँचे और उन्होंने वहां पर चल रहे कार्य का निरीक्षण किया और मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को समय से सभी व्यवस्थाओं को पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 3० हजार करोड़ रूपए की योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैली को लेकर कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं जनता में काफी उत्साह है और निश्चित तौर पर यह रैली ऐतिहासिक होगी। उन्होंने कहा कि उनके समक्ष 2०22 के विधानसभा की चुनौती भी है और भाजपा पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की इस रैली से भाजपा का चुनाव के लिए शंखनाद होगा।
उन्होंने कहा कि 2०25 उत्तराखंड देश का अग्रणी राज्य बनेगा। देवस्थानम बोर्ड को भंग करने के सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से इसका हल निकाला जायेगा और उनके पास अंतिम रिपोर्ट आ गई है। गैरसैंण भराडीसैंण में विधानसभा का शीतकालीन सत्र को अब दून में किया जा रहा है और इस पर उन्होंने कहा कि यह सर्वदलीय निर्णय है।
इस अवसर पर कोविड संक्रमण के सवाल पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरी तरह से निपटने के लिए तैयार है और आज शाम को ही हाईपावर कमेटी की बैठक होनी है और उसमें आवश्यक दिशा निर्देश अधिकारियों को दिये जायेंगें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की रैली में एक लाख से अधिक लोग जुटेंगें।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की चार दिसम्बर को परेड ग्राउंड में होने वाली रैली ऐतिहासिक होगी और इसके लिए महानगर, जिला एवं ब्लॉक स्तर पर बैठकें चल रही है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सुनने के लिए कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं जनता में उत्साह है और महिला मोर्चा की लगातार बैठकें चल रही है और चुनाव में टिकटों का बंटवारा केन्द्रीय पार्लियामेंट्री बोर्ड करता है और देवस्थानम बोर्ड के मामले पर रिपोर्ट मुख्यमंत्री के पास आ गई है और निश्चित रूप से सरकार सकारात्मक समाधान निकालेगी।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, भाजपा संगठन महामंत्री अजय कुमार, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, आईजी इंटेलीजेंस संजय गुज्याल, जिलाधिकारी डॉ. आर राजेश कुमार, एसएसपी जन्मेयजय खंडूरी, पंकज सिंह, डी सी नौटियाल एवं अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
