फ्री के झुनझुने से सत्ता पाने की ललक!

0
149

राजेश शर्मा
देहरादून। आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर उत्तराखण्डवासियों को फ्री का झुनझुना दिखाया और दावा किया कि राज्य के अन्दर आम आदमी पार्टी की सरकार आई तो वह राज्यवासियों को फ्री में हर समुदाय को तीर्थयात्रा करायेंगे। ऐसे में सवाल खडे हो रहे हैं आम आदमी पार्टी क्या फ्री के झुनझुना से सत्ता पाने की ललक में आगे बढने की मंशा पाले हुये हैं?
उत्तराखण्ड का इतिहास रहा है कि कभी भी भाजपा व कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में फ्री का कोई वायदा आवाम से नहीं किया लेकिन उत्तराखण्ड में पहली बार विधानसभा चुनाव में उतरने के लिए आगे आई आम आदमी पार्टी ने सत्ता पाने के लिए आवाम को दिल्ली की तर्ज पर फ्री का झुनझुना पकडाने का खेल शुरू कर रखा है और उसे लगता है कि दिल्ली की तर्ज पर वह उत्तराखण्डवासियों को फ्री में बिजली पानी देने का वायदा करेंगे तो शायद राज्य की जनता आम आदमी पार्टी की सरकार बनवा दे और यही कारण है कि आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल जब पहली बार राजधानी आये तो उन्होंने ऐलान किया कि अगर राज्य में आम आदमी पार्टी की सरकार आई तो प्रत्येक परिवार को तीन सौ यूनिट बिजली मुफ्त दी जायेगी और पुराने बिलों को माफ किया जायेगा। आम आदमी पार्टी के मुखिया के इस ऐलान नेे भाजपा व कांग्रेस की नींद उडाकर रख दी थी और उसके बाद दोनो ही दलों ने आम आदमी पार्टी की तर्ज पर राज्य में फ्री बिजली देने का ऐलान किया लेकिन इस ऐलान में दोनो ही राजनीतिक दल फस गये थे। आम आदमी पार्टी के मुखिया ने उत्तराखण्ड में सैनिकों की संख्या को देखते हुए सेवानिवृत्त कर्नल अजय कोठियाल को आम आदमी पार्टी का मुख्यमंत्री चेहरा घोषित कर दिया था और उसके बाद अरविंद केजरीवाल ने उत्तराखण्ड के युवाओं को रिझाने के लिए दावा किया था कि राज्य में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद युवाओं को नौकरियां दी जायेंगी और नौकरियां न दिये जाने तक सभी बेरोजगार युवकों को पांच हजार रूपये महंगाई भत्ता दिया जायेगा। इन दोनो ऐलान के बाद ऐसा आभास हुआ था कि राज्य के अन्दर आम आदमी पार्टी एक बडे दल के रूप में आगे बढते हुए भाजपा व कांग्रेस को चुनावी रणभूमि में धूल चटा देगी लेकिन कर्नल कोठियाल को मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित किये जाने के बाद आम आदमी पार्टी के अन्दर सभी विधानसभा सीटों पर चुनावी रण को जीतने वाले चेहरे अभी तक नजर नहीं आ रहे और इसके पीछे सबसे बडा कारण यही है कि भाजपा व कांग्रेस से जो चंद बडे राजनेताओं के आम आदमी पार्टी के आने की सम्भावना नजर आ रही थी वह अब आम आदमी पार्टी की ओर अपना रूख करने से पीछे हट चुके हैं। आम आदमी पार्टी राज्य के अन्दर कैसे सरकार बना पायेगी इसको लेकर भी एक बडी बहस चल रही है क्योंकि आम आदमी पार्टी के पास भाजपा व कांग्रेस के सशक्त उम्मीदवारों जैसे चेहरे कहीं भी नजर नहीं आ रहे हैं जिससे आम आदमी पार्टी भी अन्दरखाने बेचैन दिखाई दे रही है लेकिन एक बार फिर आज दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हरिद्वार पहुंचे और उन्होंने राज्य की जनता के सामने एक और फ्री का झुनझुना उन्हें थमाने का लॉलीपॉप पकडाया है इसके तहत राज्य की जनता को आश्वस्त किया है कि अगर राज्य में आम आदमी पार्टी की सरकार सत्ता में आई तो सभी उत्तराखण्डवासियों को फ्री में तीर्थयात्रा कराई जायेगी। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या आम आदमी पार्टी के मुखिया राज्यवासियों को फ्री का झुनझुना थमायेंगे और राज्यवासी इस झुनझुने को पकडकर आम आदमी पार्टी की राज्य में सरकार बनाने को आगे आयेगी ऐसा असम्भव नजर आ रहा है?

LEAVE A REPLY