देहरादून(संवाददाता)। भाजपा की प्रचंड बहुमत की सरकार में शामिल रहे यशपाल आर्य ने भाजपा का दामन छोडकर कांग्रेस का साथ पकडा तो उसके बाद से कैबिनेट पद खाली चला आ रहा है जिसको देखते हुए आज कुंवर प्रणव चैम्पियन को सरकार में मंत्री बनाये जाने की मांग को लेकर अखिल भारतीय वीर गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग गुर्जर ने सरकार को सुझाव व अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर समय रहते कुंवर प्रणव चैम्पियन को भाजपा सरकार ने अपनी कैबिनेट में मंत्री न बनाया तो विधानसभा चुनाव में उसे इसका खामियाजा भुगतना पड सकता है।
यहां परेड ग्राउंड स्थित उत्तरांचल प्रेस क्लब में हंगामेदार रही पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज जिस प्रकार से ओबीसी समाज भाजपा से दूर होता जा रहा है और उसे फिर से शामिल करने की आवश्यकता है और इसके लिए हरसंभव प्रयास किये जा रहे है। उन्होंने कहा कि लंढौरा सियासत अपने बाहुबल से बनाई गई। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से किसान आंदोलन भाजपा के विरूद्ध चल रहा है और यह भाजपा के लिए स्वर्णिम अवसर है कि विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैम्पियन को कैबिनेट मंत्री बनाया जाये जिससे भाजपा से दूर हो रहे ओबीसी समाज को भाजपा के साथ जोड़ा जाये।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अमेठी में राहुल गांधी के हारने का कारण भी यही रहा है कि इस समाज की उपेक्षा की गई और वहां पर ढाई लाख मुस्लिम गुर्जरों ने अपने मत का प्रयोग नहीं किा है। चैम्पियन को कैबिनेट मंत्री न बनाये जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस पर बगावत की जा सकती है और भाजपा को इसका परिणाम भुगतना होगा और बाद में उन्होंने कहा कि इसे एक संदेश के रूप में कहा जा रहा है कि भाजपा अभी संभल जाये और डैमेज कंट्रोल कर लें। उन्होंने कहा कि गुर्जर महासभा ने आज तक कुछ नहीं मांगा है और न ही वह टिकटार्थी है और यह संगठन गैर राजनैतिक है और जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पीएम इन वेटिंग थे तो इसी महासभा ने कहा कि मोदी आओ देश बचाओ का नारा दिया गया और अकबर रोड पर पार्टी के कार्यालय पर झंडे भी लगाये। उन्होंने कहा कि केवल आज एक मांग कर रहे है कि प्रदेश सरकार में एक मंत्री के दूसरी पार्टी में शामिल होने के कारण मंत्री पद रिक्त हो गया है और उस पद को ओबीसी समाज से भरा जाये और इसके लिए गुर्जर के नेता व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैम्पियन को कैबिनेट मंत्री बनाया जाये। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड वीरों व बलिदानियों की भूमि है। इस अवसर पर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैम्पियन ने कहा कि वह यहां पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी विधानसभा क्षेत्र में राजकीय बस सेवा चालू करने एवं राजकीय डिग्री कॉलेज बनाये जाने सहित अन्य विकास कार्यों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि महासभा का भाजपा को सुझाव दिया है। वह मंत्री बने या न बने वह तो भाजपा के कार्यकर्ता है और आज जिस प्रकार से ओबीसी समाज भाजपा से दूर होता जा रहा है और किसान आंदोलन भी उनमें से एक है और उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने कांग्रेस की सरकार गिराई थी और अब वह भाजपा में है और भाजपा को मजबूत करने के लिए कहा है। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि कैबिनेट मंत्री डा. हरक सिंह रावत उनके बडे भाई है। इस बीच पत्रकार वार्ता में ऊंची आवाज में बोलने पर क्लब सभागार में हंगामा हो गया और चैम्पियन ने वहां पर सभी के सामने हाथ जोडकर निकल गये।
