यूकेडी ने रखी शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि की मांग

0
150

देहरादून(संवाददाता)। उत्तराखंड क्रांति दल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मांग की है कि अन्य विभागों के कोरोना वारियर्स की तर्ज पर शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को प्रोत्साहनराशि दिए जाने की मांग की है। उत्तराखंड क्रांति दल के नेता शिवप्रसाद सेमवाल ने इस मांग को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भी लिखा है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने एक बड़ी घोषणा की है। इस बड़ी घोषणा में मुख्यमंत्री ने पटवारी, लेखपाल, राजस्व निरीक्षक और नायब तहसीलदार को 10 हजार रुपये की एकमुश्त प्रोत्साहन राशि का शासनादेश जारी किया है। यह प्रोत्साहन राशि कोविड-19 में किए गए सराहनीय कार्यों एवं सेवाओं के लिए दी जाएगी। राजस्व विभाग के अंतर्गत पटवारी, लेखपाल, राजस्व निरीक्षक और नायब तहसीलदार को 10 हजार रुपये की एकमुश्त प्रोत्साहन राशि देने का शासनादेश जारी कर दिया गया है।
यूकेडी नेता शिवप्रसाद सेमवाल ने कहा कि इससे पूर्व स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों, आंगनबाड़ी और आशाओं को भी सरकार की तरफ से प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा हो चुकी है। लेकिन वहीं कोरोना काल में मैदान में उतारकर कोरोना वारियर की भूमिका का निर्वाह करने वाले शिक्षक और शिक्षा विभाग के अन्य कर्मचारियों की किसी ने अभी तक सुध नहीं ली। यूकेडी नेता सुमन बडोनी ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान शिक्षकों और शिक्षा विभाग के अन्य कर्मचारियों के कार्य और सेवाओं को अनदेखा नहीं किया जा सकता। यूकेडी नेता प्रमोद डोभाल ने कहा कि कोरोना काल मे प्राणों की बाजी लगाकर बिना पर्याप्त साधनों के ड्यूटी करने वाले शिक्षकों को कोरोना वारियर्स तो कहा गया लेकिन प्रोत्साहन राशि दिए जाने के समय भुला दिया गया है,जो कि दुर्भाग्य की बात है।  इस अवसर पर उत्तराखंड क्रांति दल का कहना है कि अभी भी कई शिक्षक और कर्मचारी अपनी ड्यूटी को शत प्रतिशत निभा रहे हैं। सरकार ने अन्य विभागों के कर्मचारियों के लिए एकमुश्त प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है तो शिक्षक व शिक्षा विभाग के कर्मचारियों के प्रोत्साहन के बारे में भी सरकार को सोचना चाहिए। इस अवसर पर वार्ता में उत्तराखंड क्रांति दल युवा मोर्चा की जिलाध्यक्ष सीमा रावत और मंडल अध्यक्ष प्रमोद डोभाल भी शामिल थे।

LEAVE A REPLY