देहरादून(संवाददाता)। डीएवी पीजी कॉलेज छात्र संघ के पूर्व अध्य्क्ष शुभम सिमल्टी ने गत दिनों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं द्वारा की गई हाथापाई एवं छात्रों पर किये हमलों का प्रकरण मीडिया के सम्मुख रखा और कहा कि इस प्रकार की हरकतों को सहन नहीं किया जायेगा और इसका पुरजोर तरीके से विरोध किया जायेगा। उन्होंने कहा कि कॉलेज परिसर में अराजक तत्वों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित किये जाने की आवश्यकता है।
यहां डीएवी कालेज के सभागार में पत्रकारों से रूबरू होते हुए शुभम सिमल्टी ने बताया कि बीती 5 सितम्बर को विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं द्वारा षड्यंत्र एवं रंजिश के तहत छात्र दीपक राणा को बहुत ही बेरहमी से पीटा गया जिसमें उक्त छात्र के सिर पर गंभीर चोट आई है तथा टांके लगाए गए है । उन्होंने कहा कि इसी प्रकार से अगले दिन छह सितम्बर को महाविद्यालय का माहौल खराब करने की नीयत से विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं द्वारा लाठी डंडे लहराकर हमारे कार्यकर्ताओ को डराया व धमकाया गया।
उन्होंने कहा कि इसके पश्चात जब हमारे कार्यकर्ता महाविद्यालय में शांतिपूर्ण तरीके से कॉलेज गतिविधियों में अन्य छात्रों की मदद कर रहे थे तो जबरन परिषद के कार्यकर्ताओं द्वारा गाली गलौच व धका मुक्की की गई और कॉलेज प्रांगण से भगाने का प्रयास किया गया, जिसमें कॉलेज प्रशासन व पुलिस के हस्तक्षेप के बाद सम्पूर्ण कॉलेज प्रांगण खाली करवाया गया तथा विद्यार्थी परिषद के माहौल बिगाडऩे वाले कार्यकर्ताओ को कॉलेज से बाहर कर दिया गया। इस अवसर पर निवर्तमान छात्र संघ अध्यक्ष निखिल शर्मा ने बताया कि इसी प्रकार बीते सात सितम्बर को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रांत संगठन मंत्री प्रदीप शेखावत स्वयं मोर्चा संभालते हुए कॉलेज पहुंचे तथा अपनी गरिमाओ को लांघ गए प्रांत संगठन मंत्री द्वारा खुले आम छात्रों को धमकियां दी गयी। उन्होंने कहा कि प्रदीप शेखावत इतनी तैस में आ गए कि गुंडागर्दी पर उतारू हो गए सारी मर्यादाओं को पार कर स्वयं छात्रों को मारने पर उतारू हो गए साथ ही परिषद के कार्यकर्ताओं को भी हमे मारने के लिए खुलेआम उकसाने लगे। उन्होंने कहा कि छात्रों को अमर्यादित एवं अभद्र शब्द कहने लगे । पुलिस ने जब शांति व्यवस्था स्थापित करने का प्रयास किया तो प्रांत संगठन मंत्री पुलिस से भी धका मुक्की करने लगे और जिसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग कर महाविद्यालय खाली करवाया। इस अवसर पर निवर्तमान अध्यक्ष निखिल शर्मा ने ऐसे अराजक तत्वों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर प्राचार्य एवं महाविद्यालय प्रशासन से मिलने का समय मांगा गया किंतु किसी आवश्यक कारण के निमित कॉलेज प्रशासन समय नहीं दे पाया । इस अवसर पर वार्ता में हनी सिसोदिया सुमित कुमार आदि उपस्थित रहे।
