लालकुआ। पदमपुर देवलिया गोरापड़ाव में स्थित बी एल एम विद्यालय में शिक्षक दिवस धूम-धाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित रंगारंग कार्यक्रम ने सभी का मन मोह लिया। कोरोना महामारी के इस काल में भी पूर्ण सुरक्षा के बीच बी एल एम विद्यालय में अध्यापकों द्वारा विभिन्न प्रकार के खेलों का आयोजन करके विद्यालय प्रांगण हर्ष और उत्साह से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम का आयोजन श्रीमान राज चौहान द्वारा आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना और सरस्वती पूजन के साथ विद्यालय के प्रबंधक साकेत अग्रवाल, निदेशिका सौम्या अग्रवाल, प्रधानाचार्या गायत्री कंवर, ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्राचार्या महोदया ने अपने आशीष वचनों से सभी को आशिषित करते हुए गुरु की महत्ता और गरिमा का महिमा मंडन किया।
उन्होंने अध्यापको के सम्मान में संबोधित करते हुए कहा कि मानव को सभ्य मानव बनाने का कठिन कार्य एक गुरु ही करते हैं। अत: हमें गुरुजनों का आदर और सम्मान करना चाहिए। मानव जीवन में बिना गुरु के ज्ञान प्राप्त नहीं किया जा सकता है अत: सदा ही गुरु की महिमा और गरिमा को बनाए रखना चाहिए।
इस उपलक्ष्य में अध्यापकों द्वारा रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। जिससे विद्यालय प्रांगण सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण हो गया। इस अवसर पर समस्त बी एल एम परिवार सृजनोत्सव का साक्षी बना। कार्यक्रम का समापन सामूहिक भोज के साथ हुआ।
