देहरादून(संवाददाता)। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लाल चंद शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेसजनों नें विधानसभा कैंट क्षेत्रांतर्गत प्रेमनगर में महंगाई के खिलाफ अलग ही तरह का विरोध प्रदर्शन किया। गैस सिलेंडर के दामों में हो रही लगातार बढ़ोतरी के विरोध महानगर कांग्रेसजनों नें प्रेमनगर में गैस सिलेंडर की शवयात्रा निकाली। इस अवसर पर महंगाई का विरोध किया गया।
इस अवसर पर शवयात्रा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आमजन को संबोधित करते हुए महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लाल चंद शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के शासन में सिलेंडर की कीमत 392 रुपए थी, जो भाजपा के सत्ता में आने के बाद बढ़कर 9०० के पार पहुंच चुकी है।
उन्होनें कहा कांग्रेस के शासनकाल में गैस सिलेंडर की कीमतों में मामूली सी भी बढ़ोत्तरी होती थी तो भाजपा नेता सुषमा स्वराज व स्मृति ईरानी सिलेंडर पर बैठकर आंदोलन करते थे। उन्होंने कहा कि अब भाजपा की सरकार आने के बाद उन्हें बढ़ी हुई गैस सिलेंडर की कीमतों को आमजन को हो रही परेशानी नहीं दिख रही। उन्होंने कहा कि सत्ता के मद में चूर होकर भाजपा सरकार आमजन की परेशानियों के प्रति उदासीन बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में बड़े-बड़े वादे करने वाले प्रधानमंत्री मोदी तथा उनकी पार्टी के राष्ट्रीय नेता इन वादों को चुनावी जुमला कह कर देश की गरीब जनता का मजाक उड़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्र में सत्तारूढ़ होने के बाद से ही भारतीय जनता पार्टी की सरकार कुछ बड़े घरानों को पल्लवित-पोषित कर रही है। भारतीय जनता पार्टी नीत सरकार को आम जनता के दु:ख दर्द से दूर-दूर तक कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और स्वयं नरेन्द्र मोदी चुनावों के समय देश की जनता से मंहगाई पर नियंत्रण करते हुये आम आदमी को राहत देने का वायदा करते हैं परन्तु आज मंहगाई घटने के बजाय दिन-दूनी रात चौगुनी वृद्धि कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव के बाद पेट्रोल के दाम तथा डीजल के दाम बढ़ोतरी कर मंहगाई से आम जनता की कमर तोड दी है। इस दौरान रमेश कुमार मंगू, राजीव पुंज मीना रावत, हरेन्द्र चौधरी, मुकेष चौहान, गुलशेर मोहम्मद, भावन डोरा, राजू मौर्य, किशनपाल ंिसह, राजकुमार यादव, थपलियाल , साकेत लूथरा, आशीष रावत, राजेश शर्मा, रीता ग्रोवर, हरपाल सिंह आदि मौजूद थे।
